King Movie 2026: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार हैं। करीब तीन साल बाद उनकी अपकमिंग फिल्म ‘KING’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शाहरुख खान ने साल 2023 में लगातार तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था और अब उनकी अगली फिल्म से भी उम्मीदें आसमान छू रही हैं।
साल 2023 में रिलीज़ हुई शाहरुख खान की ‘पठान’ ने 25 जनवरी को रिलीज़ होते ही वर्ल्डवाइड करीब 1055 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद आई ‘जवान’ ने बॉक्स ऑफिस पर और बड़ा रिकॉर्ड बनाते हुए 1160 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि ‘डंकी’ ने भी लगभग 454 करोड़ रुपये की कमाई की। इन तीनों फिल्मों की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब फैंस शाहरुख की अगली फिल्म ‘KING’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म ‘KING’ का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। यह शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘पठान’ में नजर आई थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस बार शाहरुख एक बिल्कुल नए अंदाज में दिखाई देंगे, जो उनके अब तक के किरदारों से अलग बताया जा रहा है।
इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुहाना फिल्म में शाहरुख की स्टूडेंट की भूमिका निभाएंगी, जो कहानी में एक दिलचस्प मोड़ लेकर आएगी। पिता-बेटी की यह जोड़ी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होने वाली है।
इसी बीच (IMDb) ने साल 2026 की सबसे ज्यादा एंटीसिपेटेड भारतीय फिल्मों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में शाहरुख खान की फिल्म ‘KING’ ने पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,”वाह! थोड़ा और मोटिवेशन कभी बुरा नहीं होता!”
गौरतलब है कि शाहरुख खान ने अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म ‘KING’ को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि इस फिल्म में उनका किरदार बेहद दिलचस्प है। शाहरुख के मुताबिक,”मेरे किरदार में अच्छाई और बुराई का मिश्रण है, जो कहानी को अलग और रोमांचक बनाता है।”
बता दें कि फिल्म ‘KING’ को 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा। शाहरुख खान की दमदार वापसी, सिद्धार्थ आनंद का निर्देशन और सुहाना खान की मौजूदगी-इन सब वजहों से ‘KING’ पहले ही 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है। फैंस अब बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब किंग खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर राज करते नजर आएंगे।

