Salman Khan VS AI: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनकी आवाज और पहचान से जुड़ा कानूनी मामला है। दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिनेता को नोटिस जारी किया है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल केस में नया मोड़ आ गया है।
दरअसल, यह नोटिस चीन की एक AI वॉयस जनरेशन प्लेटफॉर्म द्वारा दायर याचिका पर जारी किया गया है। इस प्लेटफॉर्म ने हाईकोर्ट से उस अंतरिम आदेश को रद्द करने की मांग की है, जिसमें सलमान खान की आवाज, नाम और पहचान के किसी भी अनधिकृत उपयोग पर रोक लगा दी गई थी। यह आदेश 11 दिसंबर को दिया गया था, जिसका मकसद अभिनेता के व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा करना था।
याचिकाकर्ता कंपनी का दावा है कि उसका कारोबार वॉयस मॉडलिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी पर आधारित है और अदालत का आदेश उसके कामकाज को प्रभावित कर रहा है। कंपनी ने कहा है कि यह फैसला डिजिटल इनोवेशन और तकनीकी विकास के खिलाफ है।
हाईकोर्ट ने इस याचिका को गंभीरता से लेते हुए सलमान खान को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी।
यह केस सिर्फ सलमान खान तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले समय में यह तय करेगा कि भारत में AI और सेलिब्रिटी के निजी अधिकारों की सीमा आखिर कहां तक है। फिल्मी सितारों की आवाज पर अब कानून की नजर है, और फैसला कई मायनों में ऐतिहासिक हो सकता है।

