Bigg Boss 19 : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) अक्सर अपने बेबाक अंदाज और बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। उन्हें कई बार यह आरोप झेलना पड़ा है कि उन्होंने इंडस्ट्री में कई लोगों का करियर बर्बाद किया है। हाल ही में मशहूर डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस बीच सलमान खान ने पहली बार इन दावों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
शहनाज गिल ने की तारीफ, सलमान ने दिया नम्र जवाब
बिग बॉस 19 (Bigg Boss 19) के वीकेंड का वार एपिसोड में शहनाज गिल अपने भाई शहबाज बडेशा के साथ शामिल हुई। बातचीत के दौरान शहनाज ने सलमान खान की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कई नए कलाकारों का करियर बनाया है। इस पर सलमान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा “मैंने किसका करियर बनाया है? करियर बनाने वाला तो ऊपर वाला है। इंसान सिर्फ मेहनत कर सकता है, लेकिन किसकी किस्मत कब चमकेगी, ये भगवान के हाथ में होता है।”
करियर डुबाने के आरोपों पर सलमान का जवाब
इसी दौरान सलमान खान ने उन आरोपों पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने कई एक्टर्स का करियर बर्बाद किया है। उन्होंने साफ कहा “लोग कहते हैं कि मैंने करियर डुबाए हैं। लेकिन सच ये है कि किसी का करियर डुबाना मेरे बस की बात ही नहीं है। आजकल ये बातें ट्रेंड बन गई हैं कि ‘सलमान करियर खा जाएंगे’। कौन सा करियर खाया मैंने? अगर खाऊंगा तो अपना ही खा लूंगा। कभी-कभी मैं लापरवाह हो जाता हूं, लेकिन फिर दोबारा चीजों को संभालने की कोशिश करता हूं।”
अभिनव कश्यप का आरोप
गौरतलब है कि हाल ही में दबंग फिल्म के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने सलमान खान और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि सलमान खान शूटिंग के दौरान प्रोफेशनल नहीं रहते, कई बार उनमें काम के प्रति seriousness नजर नहीं आती। कश्यप ने सलमान को “गुंडा, बद्तमीज और गंदा” तक कह दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने खान परिवार पर इंडस्ट्री में कंट्रोल करने और दबाव बनाने के भी आरोप लगाए थे।
सोशल मीडिया पर बहस तेज
सलमान खान के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जोरदार बहस छिड़ गई है। उनके फैंस कह रहे हैं कि सलमान हमेशा से नए टैलेंट को मौका देते आए हैं, वहीं आलोचकों का कहना है कि कई स्टार्स के करियर ठहरने में कहीं न कहीं सलमान की भूमिका रही है।
ये भी पढ़े – Bigg Boss 19 : तान्या मित्तल और कुनिका में जबरदस्त तकरार, नॉमिनेशन को लेकर दी धमकी
सलमान खान का यह बयान साफ कर देता है कि वे खुद को किसी का करियर बनाने या बिगाड़ने वाला नहीं मानते। उनके अनुसार, हर कलाकार का भविष्य उसकी मेहनत और किस्मत तय करती है। हालांकि, अभिनव कश्यप जैसे फिल्मकारों के आरोपों ने एक बार फिर इस बहस को हवा दे दी है कि क्या इंडस्ट्री में बड़े सितारों का वर्चस्व नए टैलेंट के लिए बाधा बनता है।

