Rohit Shetty Mumbai House Firing: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग से मुंबई में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके घर के बाहर 3 से 4 राउंड फायर किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि इस वारदात में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और रोहित शेट्टी के प्रशंसकों में चिंता बढ़ा दी है।
फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा
इस मामले में कुछ घंटों बाद एक गंभीर अपडेट सामने आया। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गिरोह ने सोशल मीडिया के जरिए इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल पोस्ट में आरोप लगाया गया कि पहले भी कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसे नजरअंदाज किया गया। पोस्ट के सामने आते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और इंटेलिजेंस यूनिट को भी जांच में शामिल कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार हमलावरों ने ‘शेट्टी टावर’ के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हमले के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, जबकि सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चिंता
सोशल मीडिया पर वायरल संदेश में न केवल फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री को लेकर धमकी भरे शब्द भी लिखे गए। पुलिस का कहना है कि ऐसे संदेशों की सत्यता और स्रोत की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच
इस पूरे मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। आसपास लगे कैमरों में एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध दिखाई देने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस को शक है कि वारदात में एक से ज्यादा वाहन इस्तेमाल हो सकते हैं।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
5 संदिग्ध हिरासत में
जांच के दौरान पुणे पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिन्हें आगे की पूछताछ के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना का किसी पुराने मामले या हालिया धमकियों से कोई संबंध है या नहीं।
गौरतलब है कि इससे पहले 2024 में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम उछला था। इसी समानता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को भी बेहद संवेदनशील मान रही हैं।
फिलहाल रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा और मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: राम चरण बने जुड़वा बच्चों के पिता, पत्नी उपासन ने बेटा-बेटी को दिया जन्म

