FIR Against Singer-Rapper Badshah: पॉपुलर रैपर Badshah के नए गाने Tateeri को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा पुलिस ने गाने में कथित आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सख्त कदम उठाते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इतना ही नहीं, पुलिस ने उन्हें देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पंचकूला में दर्ज हुई FIR
जानकारी के अनुसार, रैपर Badshah का असली नाम Aditya Prateek Singh Sisodia है। उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने Tateeri को लेकर Panchkula के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप है कि गाने के वीडियो में महिलाओं और लड़कियों को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है।
स्कूल यूनिफॉर्म वाले सीन पर आपत्ति
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वीडियो में कुछ लड़कियां स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल बैग फेंकती हुई और पढ़ाई छोड़कर भागती दिखाई देती हैं। इसके अलावा गाने में “बादशाला” जैसे शब्दों के इस्तेमाल को भी स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश करने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के दृश्य और शब्द समाज में गलत संदेश दे सकते हैं।
सरकारी बस और स्कूल लोकेशन की भी जांच
इस मामले में एक और अहम पहलू सामने आया है। पुलिस को वीडियो में Haryana Roadways की जींद डिपो की बस दिखाई दी है। अब यह जांच की जा रही है कि इस बस को शूटिंग में दिखाने के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर भी दिखाया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वहां शूटिंग के लिए आधिकारिक अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल किया गया पाया गया, तो मामले में आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें एक्टिव
पंचकूला पुलिस ने रैपर Badshah को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी देश छोड़ने की कोशिश कर सकता है, इसलिए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यूट्यूब से हटाया गया गाना
पुलिस की कार्रवाई के बाद विवादित गाना Tateeri को YouTube से हटा दिया गया है। इसके अलावा दूसरे म्यूजिक प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया साइट्स से भी वीडियो और उससे जुड़े क्लिप्स हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
शेयर करने वालों पर भी हो सकती है कार्रवाई
पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़ी रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गाने के निर्माण और रिलीज में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: सियासी हलचल के बीच अचानक राजभवन पहुंचे नीतीश कुमार, राज्यपाल से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चाएं!

