Pawan Singh Fraud Case: भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता पवन सिंह (Pawan Singh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी नहीं, बल्कि उनके नाम का इस्तेमाल कर की गई कथित ठगी है। जानकारी के अनुसार, एक म्यूजिकल शो के आयोजन के नाम पर करीब 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।
शो कराने के नाम पर वसूली
बताया जा रहा है कि अमेठी निवासी दिव्यांश सिंह ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने बड़े संगीत कार्यक्रम में पवन सिंह को बुलाने का दावा कर उनसे मोटी रकम ली। अतरौलिया पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, शो की तारीख 31 दिसंबर 2024 तय की गई थी। आरोप है कि पहले 9 लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए गए और बाद में व्यवस्थाओं के नाम पर करीब 5 लाख 1 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए गए। यह रकम कथित तौर पर एक आरोपी की मां के बैंक खाते में भेजी गई।
ऐसे हुआ ठगी का खुलासा
दिव्यांश सिंह, जो पेशे से म्यूजिक आर्टिस्ट हैं और लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित करते हैं, दिव्यांश सिंह ने बताया कि उनकी मुलाकात कुछ लोगों से एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। वहीं से बड़े स्तर का शो करने की योजना बनी और पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के रूप में बुलाने की बात कही गई। आरोप है कि एक परिचित के माध्यम से कुछ लोगों ने खुद को अभिनेता से सीधे संपर्क में बताया और बुकिंग कराने का भरोसा दिलाया।
मैनेजर से संपर्क पर खुली सच्चाई
जब शो की तारीख नजदीक आई तो आयोजक ने पवन सिंह की टीम से सीधे संपर्क किया। अभिनेता के मैनेजर ने किसी भी तरह की बुकिंग से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के फोन बंद हो गए, जिससे धोखाधड़ी की आशंका पुख्ता हो गई।
पीड़ित ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। इसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Cocktail 2: रिलीज से पहले ही ‘कॉकटेल 2’ की स्टोरी ने मचाई हलचल, फिल्म की कहानी हुई लीक

