Khesari Lal Yadav Reply: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में पवन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें पवन ने तेजस्वी यादव से न मिलने की बात कही थी। खेसारी ने कहा कि किसी पर उनका कोई दबाव नहीं है और अगर कोई किसी से नहीं मिलना चाहता, तो यह पूरी तरह उसकी व्यक्तिगत पसंद है। उन्होंने कहा, ‘हर इंसान अपनी जिंदगी में स्वतंत्र है। अगर वे मुझसे या किसी और से नहीं मिलना चाहते, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। यह उनकी मर्जी है।’
कड़ी मेहनत और इमेज पर जोर
आईएएनएस से बातचीत में खेसारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पवन सिंह से मिलने या न मिलने से किसी का घर नहीं चलता। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों ही अपने काम से आगे बढ़ रहे हैं। हमारी इमेज लोगों के दिलों में है क्योंकि हम मेहनत करते हैं। इस विषय पर और चर्चा करने की जरूरत नहीं है।’
पवन सिंह को परिवार जैसा समझा
खेसारी ने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा पवन सिंह का परिवार की तरह साथ दिया है। उन्होंने बताया, ‘मैं उन्हें बड़ा भाई मानता हूं। चुनाव हो या कोई मुद्दा, मैंने हमेशा उनका साथ दिया। अब पवन की मर्जी है कि वे मिलें या नहीं।’
अंतरिक्ष में बजने वाले गाने पर प्रतिक्रिया
पवन सिंह के उस बयान पर भी खेसारी ने प्रतिक्रिया दी जिसमें उनके गाने के अंतरिक्ष में बजने का जिक्र था। खेसारी ने कहा, ‘यह गर्व की बात है कि हमारे समाज के बच्चे का गाना अंतरिक्ष में बजेगा। हम उनके आशीर्वाद से इसे संभव बनाने की कोशिश करेंगे।’
रवि किशन की आलोचना पर जवाब
रवि किशन द्वारा खेसारी के पैर छूने पर सवाल उठाने पर खेसारी ने कहा, ‘मैं सम्मान देने में विश्वास रखता हूं। अगर आज उनसे मिलता हूं तो छोटे भाई के तौर पर पैर छूंगा, जैसे मैं अपने पिता का सम्मान करता हूं। सम्मान मेरा कर्तव्य है और मैं इसे निभाऊंगा। इसे कैसे लिया जाता है, यह उनकी मर्जी है।’
भाई जैसा रिश्ता हमेशा बरकरार
अंत में खेसारी ने स्पष्ट किया कि उनका और पवन सिंह का रिश्ता हमेशा छोटे-बड़े भाई जैसा रहा है। उन्होंने कहा, ‘चाहे वे साथ दें या नहीं, यह दुनिया जानती है। मैं लड़ते-लड़ते बड़ा हुआ हूं और ऐसे लड़के को बातों से छोटा नहीं किया जा सकता।’
ये भी पढ़ें: ‘Animal’ की दहाड़ जापान तक! Ranbir Kapoor ने दिया ‘एनिमल पार्क’ पर बड़ा अपडेट

