Palash Muchhal: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के साथ सगाई टूटने के बाद चर्चा में आए संगीतकार पलाश मुच्छल अब एक नए विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। पलाश पर 40 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। महाराष्ट्र के सांगली में एक युवक ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सांगली के युवक ने किया आरोप
महाराष्ट्र के सांगली के रहने वाले विज्ञान माने ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत में बताया कि पलाश मुच्छल ने उन्हें अपनी निर्देशित फिल्म ‘नजरिया’ में एक्टिंग का मौका देने और प्रोड्यूसर के तौर पर निवेश करने का वादा किया था। पलाश, जो मशहूर सिंगर पलक मुच्छल के भाई हैं, ने समय-समय पर कुल 40 लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में वादे पूरे नहीं किए।
फिल्म में काम और निवेश का झांसा
शिकायत के अनुसार, पलाश ने विज्ञान को यह भरोसा दिलाया कि फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के बाद निवेश पर भारी मुनाफा मिलेगा। इसके लालच में विज्ञान ने पैसे दिए, लेकिन आरोप है कि पलाश ने विश्वासघात किया।
पुलिस ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल उन्हें शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। आईपीसी की धारा 406 (विश्वासघात) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत आगे कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ के बाद ‘बॉर्डर 2’ को रिलीज से पहले बड़ा झटका, इन गल्फ देशों में फिल्म पर लगा बैन
