शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर 21 जनवरी को मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और निर्देशक विशाल भारद्वाज मौजूद रहे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला, वहीं कलाकारों और निर्देशक ने साथ काम करने के अपने अनुभव भी साझा किए।
इवेंट के दौरान विशाल भारद्वाज ने बताया कि इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म को बनाने में काफी मेहनत और गहराई से काम किया गया है। उन्होंने शाहिद कपूर की तारीफ करते हुए उन्हें इंडस्ट्री के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताया। वहीं, शाहिद कपूर ने भी निर्देशक के साथ अपने रिश्ते और अनुभवों पर खुलकर बात की।
शाहिद कपूर ने स्वीकार किया कि विशाल भारद्वाज के साथ पहली बार काम करने से पहले वह खुद को काफी इंटिमिडेटेड महसूस कर रहे थे। इसकी वजह बताते हुए अभिनेता ने कहा कि विशाल भारद्वाज पहले ही फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम कर चुके हैं।
विशाल भारद्वाज के साथ काम करने पर क्या बोले शाहिद कपूर ने इवेंट में कहा,“जब भी हम साथ काम करते हैं, यह सफर हमेशा रोमांचक और थोड़ा पागलपन भरा होता है। विशाल सर और मेरे पिता (वरिष्ठ अभिनेता पंकज कपूर) ने साथ में कई आइकॉनिक काम किए हैं। ऐसे में जब मुझे पहली बार विशाल सर के साथ काम करने का मौका मिला, तो मैं काफी घबरा गया था, क्योंकि वह पहले ही इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों के साथ काम कर चुके थे।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे याद है कि मैंने उनसे पूछा था कि उन्होंने कमीने में मुझे क्यों चुना, क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैंने ऐसा कुछ नहीं किया था, जिससे मैं इस मौके का हकदार बनता। आज मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मैं उनकी फिल्मोग्राफी का हिस्सा हूं।
7–8 साल तक साथ काम न करने के बावजूद उन्होंने मुझे फिर से याद किया, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।” शाहिद कपूर का यह बयान एक बार फिर यह दिखाता है कि बॉलीवुड के बड़े सितारों के पीछे भी संघर्ष, आत्म-संदेह और सीखने की लंबी प्रक्रिया छिपी होती है।
ये भी पढ़ें: Salman Khan VS AI: सलमान खान को हाईकोर्ट का नोटिस, अवाज और पहचान की कानूनी लड़ाई
