होम = मनोरंजन = केरल हाई कोर्ट का बड़ा आदेश, The Kerala Story 2 अब होगी सिनेमाघरों में रिलीज

केरल हाई कोर्ट का बड़ा आदेश, The Kerala Story 2 अब होगी सिनेमाघरों में रिलीज

by | Feb 27, 2026 | मनोरंजन

The Kerala Story 2: फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के निर्माताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने फिल्म की रिलीज पर लगाई गई अंतरिम रोक को निरस्त कर दिया है। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सिनेमाघरों में फिल्म प्रदर्शित करने की अनुमति दे दी।

पहले सिंगल जज ने लगाई थी रोक

इससे पहले हाई कोर्ट की एकल पीठ ने फिल्म की सामग्री को लेकर आपत्ति जताई थी। अदालत ने आशंका व्यक्त की थी कि फिल्म से सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। दो याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सिंगल जज ने 15 दिनों के लिए फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को फिल्म के खिलाफ मिली आपत्तियों पर विचार करने का निर्देश दिया गया था।

डिवीजन बेंच ने पलटा फैसला

निर्माताओं की ओर से दाखिल अपील पर उसी दिन शाम को विशेष सुनवाई बुलाई गई। जस्टिस एस.ए. धर्माधिकारी और जस्टिस पी.वी. बालकृष्णन की डिवीजन बेंच ने विस्तृत बहस के बाद सिंगल जज के आदेश पर रोक लगा दी। दो घंटे से अधिक चली सुनवाई के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल फिल्म की रिलीज पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

रिलीज के दिन ही बदली तस्वीर

गौरतलब है कि जिस दिन फिल्म रिलीज होनी थी, उसी दिन यह फैसला आया। सुबह तक जहां एडवांस बुकिंग कराने वाले दर्शकों को रिफंड दिया जा रहा था और थिएटर संचालक असमंजस में थे, वहीं दोपहर बाद कोर्ट के आदेश से स्थिति बदल गई। अब फिल्म के प्रदर्शन का रास्ता साफ हो गया है।

रोक की वजह क्या थी?

एकल पीठ ने टिप्पणी की थी कि फिल्म के कंटेंट में किसी विशेष समुदाय को लेकर विवादित प्रस्तुति हो सकती है। अदालत ने यह भी कहा था कि प्रमाणन प्रक्रिया में कानूनी पहलुओं की गहन जांच जरूरी है। टीजर को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि डिवीजन बेंच के ताजा आदेश के बाद फिल्म के प्रदर्शन पर लगी रोक हट चुकी है और अब यह सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें: सबसे पहले महाकाल के दरबार में होती है होलिका दहन, क्या है इसके पीछे की मान्यता

बंगाल