Ek Deewane ki Deewaniyat Review : दीवाली की छुट्टियों के मौके पर बॉलीवुड की दो फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। एक तरफ है ‘थामा (Thamma)’, जिसमें आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे दमदार कलाकार नजर आ रहे हैं, तो दूसरी ओर है ‘एक दीवाने की दीवानियत (Ek Deewane ki Deewaniyat), जिसमें लीड रोल में हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा हैं। दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा था, और अब दोनों का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प बन गया है।
हर्षवर्धन राणे की फिल्म को मिला मिला-जुला रिस्पॉन्स
‘एक दीवाने की दीवानियत’ के जरिए हर्षवर्धन राणे एक बार फिर रोमांटिक अंदाज में दिखाई दिए हैं। फिल्म का निर्देशन मिलाप झावेरी ने किया है। फिल्म रिलीज के बाद दर्शकों से इसे मिश्रित प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने इसे “इंगेजिंग और इमोशनल” बताते हुए साढ़े तीन स्टार दिए हैं। फिल्म का ट्रेलर और गाने पहले से ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे थे, जिससे दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता थी। हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म को सोशल मीडिया पर कुछ पॉजिटिव और कुछ नेगेटिव रिव्यू मिल रहे हैं।
A सर्टिफिकेट और सेंसर बोर्ड की कैंची
फिल्म को CBFC की ओर से A सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे केवल अडल्ट ऑडियंस ही देख सकते हैं। कुछ सीन पर सेंसर बोर्ड ने कट भी लगाए हैं। इसके बावजूद फिल्म को ‘वन टाइम वॉच’ कहा जा रहा है। कई दर्शकों ने कहा कि कहानी और संगीत दोनों ही बेहतरीन हैं, जो फिल्म को एक बार जरूर देखने लायक बनाते हैं।
हर्षवर्धन की अपील और तुलना ‘सनम तेरी कसम’ से
हर्षवर्धन राणे इस फिल्म को लेकर काफी भावुक हैं। उनका कहना है कि उन्हें ‘एक दीवाने की दीवानियत’ से वैसी ही उम्मीदें हैं जैसी दर्शकों ने बाद में ‘सनम तेरी कसम’ (2016) से जताई थीं। उस फिल्म को थिएटर में तो खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था, लेकिन बाद में लोगों के दिलों में उसने अपनी जगह बना ली थी।
इस बार भी फैंस दोनों फिल्मों की तुलना कर रहे हैं। वहीं, हर्षवर्धन ने लोगों से थिएटर जाकर फिल्म देखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें वे अपनी कार पर फिल्म का पोस्टर लगाकर प्रमोशन करते नजर आ रहे हैं।
कहानी और म्यूजिक ने जीता दिल
‘एक दीवाने की दीवानियत’ एक इमोशनल लव स्टोरी है, जिसमें दो लोगों के मिलने बिछड़ने की कहानी दिखाई गई है। फिल्म का म्यूजिक दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। वहीं, कई लोगों का मानना है कि फिल्म का सेकंड हाफ थोड़ा लंबा है लेकिन क्लाइमैक्स इमोशनल है।
ये भी पढ़े – कॉमेडी के बादशाह असरानी का निधन, प्रियदर्शन की दो फिल्मों में दिखेगा आखिरी जादू
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘थामा’ की शानदार ओपनिंग के बीच हर्षवर्धन राणे की ‘एक दीवाने की दीवानियत’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई कर पाती है और क्या यह फिल्म दीवाली के इस मुकाबले में अपनी जगह बना सकेगी।

