Disha Patani House Firing : बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी (Disha Patani) के घर के बाहर हुई फायरिंग से बरेली शहर में हड़कंप मच गया है। घटना गुरुवार देर रात सिविल लाइंस इलाके में उनके घर के बाहर घटी, जहां अज्ञात हमलावरों ने 3-4 राउंड गोलियां दागीं। गनीमत रही कि इस वारदात में कोई घायल नहीं हुआ।
आखिर विवाद क्यों हुआ?
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की जड़ दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी की एक सोशल मीडिया पोस्ट है। खुशबू ने हाल ही में अनिरुद्धाचार्य महाराज की लिव-इन रिलेशनशिप पर की गई टिप्पणी का विरोध किया था। लेकिन कई लोगों ने इसे गलत तरीके से प्रेमानंद महाराज पर टिप्पणी समझ लिया, जिससे मामला और भड़क गया। बाद में खुशबू ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी बात को गलत संदर्भ में लिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की स्थिति
बरेली एसएसपी ने बताया कि घटना के हर एंगल से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों के बारे में सुराग जुटाए जा रहे हैं। साथ ही, गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से वायरल संदेश की भी जांच साइबर सेल कर रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस अलर्ट, पांच टीमें बनाई गई
बरेली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पांच विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है। साथ ही दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा को भी और कड़ा कर दिया गया है।

Disha Patani
फेसबुक पोस्ट से बढ़ा सस्पेंस
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गुट ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया है कि यह हमला धार्मिक संतों प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज के कथित अपमान के विरोध में किया गया है। हालांकि, पुलिस अभी इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि करने में जुटी है।
ये भी पढ़े – विवेक अग्निहोत्री की विवादास्पद फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ की होगी विशेष स्क्रीनिंग, इन लोगों को मिलेगी एंट्री
धमकी भरा संदेश वायरल
पोस्ट में दिशा पाटनी (Disha Patani House Firing) और उनकी बहन खुशबू पाटनी का नाम लेते हुए लिखा गया है कि उन्होंने हमारे पूज्य संतों और सनातन धर्म का अपमान किया है। इसमें साफ चेतावनी दी गई है कि “यह तो बस ट्रेलर था, अगर भविष्य में भी हमारे धर्म और संतों का अपमान किया गया, तो अंजाम और गंभीर होगा।”

