Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने इसकी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडस्ट्री के शुरुआती संदेहों का खुलासा किया है। ‘धुरंधर 2’ ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर भी इतिहास रचा है।
एक इंटरव्यू में कुणाल कोहली ने बताया कि फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर शुरुआत में बॉलीवुड में ज्यादा भरोसा नहीं था। कई बड़े फिल्ममेकर्स को लग रहा था कि फिल्म ओपनिंग वीकेंड के बाद कमजोर पड़ जाएगी। हालांकि, फिल्म ने इन सभी कयासों को गलत साबित कर दिया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन ही 102.55 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की। वहीं, पहले सोमवार को भी 65 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर फिल्म ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
‘धुरंधर 2’ ने बदली धारणा
कुणाल कोहली के मुताबिक, इंडस्ट्री के कई बड़े डायरेक्टर्स का मानना था कि फिल्म सोमवार तक धीमी हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिल्म ने वीकडे में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रफ्तार बनाए रखी और अब ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है।
‘बॉर्डर 2’ का भी दिया उदाहरण
कोहली ने बातचीत के दौरान ‘बॉर्डर 2’ का जिक्र भी किया। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को लेकर भी इंडस्ट्री में संशय था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया और ब्लॉकबस्टर साबित हुई।
खुद के अनुभव भी किए साझा
कुणाल कोहली ने अपनी फिल्म ‘हम तुम’ से जुड़ा अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि रिलीज के समय उन्हें इंडस्ट्री से ज्यादा समर्थन नहीं मिला था। यहां तक कि उन्हें प्रीव्यू शो में शामिल होने से भी रोका गया था। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में सच्चा समर्थन कम ही देखने को मिलता है और कई बार हालात उम्मीद के विपरीत होते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर जारी है दबदबा
फिल्म ‘धुरंधर 2’ अभी भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है और चौथे हफ्ते में भी इसकी कमाई जारी है। फिल्म ने अब तक दुनियाभर में लगभग 1,718 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 1,088 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। इसी के साथ ‘धुरंधर 2’ साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई है और ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी 3000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रेंचाइजी बन गई है।
ये भी पढ़ें: स्टेडियम में हुआ प्यार का खुलासा! रणवीर अल्लाहबादिया ने कहा ‘गर्लफ्रेंड के साथ हूं’, जानें कौन हैं जूही भट्ट

