Deepika Padukone : बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं, और वजह हैं उनकी दो बड़ी फिल्मों से अचानक बाहर किया जाना। पहले संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट और फिर नाग अश्विन की बहुचर्चित फिल्म कल्कि 2 से दीपिका को बाहर किए जाने की खबरें सामने आई। इन दोनों ही फिल्मों से दीपिका के बाहर होने को लेकर इंडस्ट्री में काफी चर्चाएं हैं।
8 घंटे की शिफ्ट पर मचा बवाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका की ‘8 घंटे की वर्क पॉलिसी’ को लेकर मेकर्स को आपत्ति थी। कहा गया कि अभिनेत्री की सीमित शिफ्ट ड्यूरेशन और कुछ खास शर्तो की वजह से फिल्ममेकर्स ने उन्हें प्रोजेक्ट्स से हटा दिया था। अब इस पूरे विवाद पर दीपिका पादुकोण ने खुलकर जवाब दिया है।
मेल सुपरस्टार्स सालों से ऐसा कर रहे हैं
एक इंटरव्यू में दीपिका ने कहा, “अगर मुझसे सिर्फ इसलिए सवाल हो रहे हैं क्योंकि मैं एक महिला हूं, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहती, लेकिन इंडस्ट्री के बहुत से मेल सुपरस्टार्स पिछले कई सालों से केवल 8 घंटे की शिफ्ट में काम करते आए हैं। वे सोमवार से शुक्रवार तक ही शूट करते हैं और वीकेंड पर ब्रेक लेते हैं। लेकिन उनसे आज तक किसी ने कोई सवाल नहीं किया।”
फिल्म इंडस्ट्री की कार्यशैली पर उठाए सवाल
दीपिका ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हमारी इंडस्ट्री सालों से चल रही है, लेकिन यह आज भी एक संगठित इंडस्ट्री की तरह काम नहीं करती। मुझे लगता है अब समय आ गया है कि हम प्रोफेशनलिज्म को अपनाएं और वर्क कल्चर में बदलाव लाएं।”
क्यों छोड़ीं दीपिका ने स्पिरिट और कल्कि 2?
सूत्रों की मानें तो दीपिका की कुछ शर्तें फिल्ममेकर्स को रास नहीं आई। वह दिन में सिर्फ 8 घंटे काम करना चाहती थी और उनकी 25 लोगों की टीम को भी शूट लोकेशन पर उन्हीं जैसी सुविधाएं देने की मांग की गई थी। इन शर्तों को लेकर मेकर्स और दीपिका की टीम के बीच मतभेद हो गए, जिसके बाद दोनों फिल्मों से दीपिका को बाहर कर दिया गया।
ये भी पढ़े – Bigg Boss 19 : मृदुल तिवारी की आंखों में आंसू देखकर दर्शक हुए नाराज, बोले- ‘तुम अच्छे इंसान को शैतान..’
कल्कि 1 में दीपिका नजर आई थीं, लेकिन सीक्वल में उनकी जगह किसी और एक्ट्रेस को कास्ट किया जाएगा। वहीं स्पिरिट से भी उन्हें कथित तौर पर ‘क्रिएटिव डिफरेंसेज’ के चलते हटाया गया।
दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) ने इस पूरे मुद्दे पर स्पष्ट कहा है कि यदि मेल एक्टर्स को उनके शेड्यूल के लिए कोई जवाबदेही नहीं दी जाती, तो महिलाओं के साथ यह दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है? अब देखना होगा कि दीपिका के इस स्टैंड के बाद इंडस्ट्री के भीतर कोई बड़ा बदलाव आता है या नहीं।

