होम = मनोरंजन = Box Office Blast 2025: 18 दिन में ‘कांतारा 1’ और ‘छावा’ को पछाड़कर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ बनी साल की सबसे बड़ी फिल्म

Box Office Blast 2025: 18 दिन में ‘कांतारा 1’ और ‘छावा’ को पछाड़कर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ बनी साल की सबसे बड़ी फिल्म

Dhurandhar box office collection: साल 2025 के बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने ऐसा तूफान मचाया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। रिलीज़ के महज 18 दिनों में फिल्म ने न सिर्फ बड़ी-बड़ी पैन इंडिया फिल्मों को पीछे छोड़ दिया, बल्कि साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का ताज भी अपने नाम कर लिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। जिस मुकाम तक पहुंचने में ‘कांतारा चैप्टर 1’ जैसी मेगा फिल्म को करीब दो महीने लगे, वहीं ‘धुरंधर’ ने वह आंकड़ा तीन हफ्ते से भी कम समय में पार कर लिया।

छावा और कांतारा की बादशाहत खत्म

2025 की शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर ‘छावा’ का दबदबा देखने को मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म ने अपने लाइफटाइम रन में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर एक मजबूत रिकॉर्ड खड़ा किया था। इसके बाद साउथ की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने एंट्री ली और छावा को पीछे छोड़ते हुए कमाई के नए मानक स्थापित किए।

लेकिन इसी बीच रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने एंट्री लेकर पूरा समीकरण ही बदल दिया। जिस आंकड़े तक पहुंचने में छावा और कांतारा को कई हफ्ते लगे, वहां तक धुरंधर सिर्फ 18 दिनों में पहुंच गई।

18 दिनों में रिकॉर्डतोड़ कमाई

फिल्म ने दुनियाभर में महज 18 दिनों में करीब 876.5 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की नेट कमाई 572.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। हालांकि इस मामले में यह अब भी ‘छावा’ से थोड़ा पीछे है, जिसने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर करीब 585.7 करोड़ रुपये कमाए थे।

1000 करोड़ क्लब पर नजर

कमाई की रफ्तार को देखें तो ‘धुरंधर’ का सफर अभी खत्म होता नहीं दिख रहा। पहले हफ्ते में फिल्म ने 207.25 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 253.25 करोड़ रुपये की कमाई की, सोमवार को भी फिल्म ने 16.5 करोड़ रुपये की मजबूत ओपनिंग दर्ज की। आने वाले दिनों में क्रिसमस और न्यू ईयर का फायदा फिल्म को और बड़ा बूस्ट दे सकता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस हफ्ते फिल्म 110 से 130 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई कर सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो ‘धुरंधर’ का 1000 करोड़ क्लब में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है।

स्टारकास्ट और कहानी का दम

फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे मजबूत कलाकारों की टीम ने फिल्म को और प्रभावशाली बना दिया है। शानदार अभिनय, तेज रफ्तार कहानी और भव्य प्रस्तुति ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

5 दिसंबर को रिलीज़ हुई ‘धुरंधर’ अब सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि 2025 का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस तूफान बन चुकी है। अगर मौजूदा रफ्तार बरकरार रही, तो आने वाले दिनों में यह कई सुपरस्टार्स के पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।

ये भी पढ़े: हीटर की गर्माहट या सेहत पर वार? सर्दियों में बढ़ रहा ‘ड्राई लंग्स’ का खतरा, जाने क्या है बचाव के उपाए

बंगाल