Arijit Singh Retirement: देश और दुनिया में करोड़ों फैंस के दिलों को झकझोरते हुए मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का ऐलान कर दिया। सिर्फ 38 साल की उम्र में ही करियर के शिखर पर मौजूद अरिजीत ने यह बड़ा कदम उठाया, जिससे उनके फैंस भावुक हो गए। हाल ही में रिलीज हुई सलमान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में उनका गाया गीत ‘मातृभूमि’ और ‘बॉर्डर 2’ में ‘घर कब आओगे’ जैसे गाने दर्शकों के दिल में छा चुके हैं। लेकिन अब फैंस सोच रहे हैं कि आखिर क्यों अरिजीत ने इतनी कम उम्र में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का फैसला किया?
अरिजीत सिंह ने बताया संन्यास लेने का कारण
अरिजीत सिंह ने अपने फैसले की घोषणा 27 जनवरी को अपने X अकाउंट पर की। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी स्टेटमेंट जारी किया। सिंगर ने साफ कहा कि अब वह किसी भी नए प्रोजेक्ट या गाने के लिए साइन नहीं करेंगे। उन्होंने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर रिटायरमेंट की कोई पूरी वजह नहीं बताई, लेकिन संकेत दिए कि वह म्यूजिक को और गहराई से सीखना चाहते हैं और स्वतंत्र होकर अपने तरीके से काम करना चाहते हैं। इसका मतलब है कि अब वह फिल्मों के लिए हीरो-हिरोइन पर गाने नहीं गाएंगे।
हड़बड़ी या एक घटना नहीं, कई पहलू हैं
अरिजीत ने ट्वीट में स्पष्ट किया कि यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया और न ही किसी एक घटना के कारण। उन्होंने लिखा, ‘इसका सिर्फ एक कारण नहीं है, इसके कई पहलू हैं, और मैं काफी समय से इस पर विचार कर रहा था। आखिरकार, मैंने हिम्मत जुटा ली।’
नए कलाकारों को देंगे अवसर
अरिजीत ने यह भी कहा कि प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का एक उद्देश्य यह है कि नए सिंगर्स को मौका मिल सके। उन्होंने लिखा, ‘मैं नए कलाकारों को सुनने के लिए उत्सुक हूं जो मुझे वास्तव में इंस्पायर कर सकें। यह भी एक कारण है कि मैं पीछे हट रहा हूं।’
अरिजीत सिंह के इस फैसले के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें रिटायरमेंट बदलने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, संगीत प्रेमी उनके भविष्य के प्रोजेक्ट और नए तरीके से संगीत की खोज का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: अविमुक्तेश्वरानंद पर विवादित बयान देने वाली ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े ने बाहर निकाला

