AR Rahman controversy: ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड में कथित सांप्रदायिक भेदभाव और ‘पावर शिफ्ट’ की वजह से उन्हें काम नहीं मिलने के आरोप लगाए थे। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनका नाम चर्चा में आया और कई बॉलीवुड सितारों समेत यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी।
रहमान ने शेयर किया वीडियो मैसेज
तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद एआर रहमान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, बल्कि संगीत को भावनाओं को व्यक्त करने और लोगों तक पहुंचने का माध्यम माना है। उन्होंने कहा,”प्रिय दोस्तों, संगीत मेरे लिए हमेशा लोगों तक पहुंचने, संस्कृति का जश्न मनाने और उसे श्रद्धांजलि देने का माध्यम रहा है। मैं भारत को प्रेरणा, गुरु और घर मानता हूं। मेरे अच्छे इरादों में भी गलतफहमी हो सकती है, लेकिन मेरा मकसद हमेशा संगीत के माध्यम से लोगों को प्रेरित करना और उनकी सेवा करना रहा है।”
भारतीय होने पर जताया गर्व
रहमान ने अपने वीडियो में कहा कि वे अपने देश भारत पर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने उन्हें रचनात्मक स्वतंत्रता और संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का मौका दिया। साथ ही उन्होंने अपने कुछ हालिया प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया, जिनमें WAVES समिट में परफॉर्मेंस, नागालैंड के यंग म्यूजिशियन्स के साथ कोलैबोरेशन और हैंस जिमर के साथ ‘रामायण’ का म्यूजिक शामिल हैं।
परेश रावल ने जताया समर्थन
एआर रहमान ने वीडियो में भारत से मिले समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि वे ऐसा संगीत बनाएंगे जो अतीत का सम्मान करे, वर्तमान का जश्न मनाए और भविष्य को प्रेरित करे। इस पर बॉलीवुड अभिनेता परेश रावल ने भी प्रतिक्रिया दी और रहमान के वीडियो को री-पोस्ट करते हुए लिखा,”हम आपसे प्यार करते हैं सर। आप हमारा गौरव हैं।”

