रणबीर कपूर की 2023 में आई फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। इस फिल्म में रणबीर ने अपनी रोमांटिक इमेज से बिल्कुल अलग एक आक्रामक और क्रूर किरदार निभाया था। फिल्म के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने पहले ही यह संकेत दे दिए थे कि वह इस फिल्म का सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ लेकर आएंगे। अब दो साल बाद, फिल्म के सीक्वल को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है।
‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग 2027 में होगी शुरू
अब ‘एनिमल’ की रिलीज के बाद ‘एनिमल पार्क’ के बारे में बात करते हुए संदीप रेड्डी वांगा और रणबीर कपूर ने इस सीक्वल को लेकर अहम जानकारी साझा की है। रिपोर्ट के मुताबिक, संदीप ने बताया कि उनकी मौजूदा फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद वह ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म की कहानी दो भाइयों की लड़ाई पर आधारित होगी, जो दिखने में एक जैसे हैं।
यही वजह है कि फिल्म का नाम ‘एनिमल पार्क’ रखा गया है। संदीप ने यह भी कहा कि वह इस फिल्म की शूटिंग 2027 के मध्य में शुरू करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, दर्शकों को इसके रिलीज होने में थोड़ी देरी हो सकती है।
रणबीर कपूर ने जाहिर किया उत्साह
रणबीर कपूर ने भी इस सीक्वल को लेकर अपने उत्साह का इजहार किया। उन्होंने कहा कि वह संदीप के साथ इस किरदार में फिर से लौटने के लिए बेहद उत्साहित हैं। रणबीर ने यह भी बताया कि इस बार वह फिल्म में दो किरदार निभाएंगे और ‘एनिमल’ के पहले पार्ट के दौरान ही दूसरे पार्ट का खाका तैयार किया जा चुका था।
जापान में ‘एनिमल’ का प्रीमियर
इस बीच, रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘एनिमल’ 13 फरवरी 2026 को जापान में रिलीज होने जा रही है। रणबीर के लिए यह रिलीज खास महत्व रखती है, क्योंकि उनके दादा राज कपूर की जापान में एक जबरदस्त फैन फॉलोइंग थी। राज कपूर को आज भी जापान में ‘आवारा’ और ‘श्री 420’ जैसी फिल्मों के लिए याद किया जाता है।
यह निश्चित रूप से रणबीर के लिए एक भावनात्मक क्षण होगा, क्योंकि यह उनके परिवार के लिए विशेष मायने रखता है और उनके दादा के योगदान को श्रद्धांजलि भी है।
ये भी पढ़ें: एक्टर गोविंदा के अफेयर पर मैनेजर ने तोड़ी चुप्पी, कमबैक पर कही ये बात

