समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को मुंबई दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से मुलाकात की और उनके पिता सलीम खान के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि सलीम खान की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अखिलेश यादव ने इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की हैं।
दरअसल, अखिलेश यादव मुंबई में आयोजित क्रिएटिव इकॉनोमी समिट में भाग लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। समिट खत्म होने के बाद वह सलमान खान के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। हालांकि इस दौरान उनकी मुलाकात सलमान खान के पिता सलीम खान से नहीं हो पाई क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा- मुंबई मिलन!
सलमान खान से मुलाकात के बाद मीडिया से की बातचीत
सलमान खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वह उनके पिता के स्वास्थ्य की जानकारी लेने आए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सलीम खान जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा,’मैं उनके पिताजी से मुलाकात नहीं कर सका क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन मैंने सलमान खान जी से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है। हम सभी को उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक होकर घर वापस आएंगे।’
क्रिएटिव इकॉनोमी समिट में भी शामिल हुए अखिलेश
मुंबई दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने क्रिएटिव इकॉनोमी समिट में भी हिस्सा लिया और अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी, तब मेट्रो परियोजना उनके चुनावी घोषणा पत्र में शामिल नहीं थी, लेकिन समय की जरूरत को देखते हुए इसे शुरू कराया गया।
इस दौरान उन्होंने महाकुंभ के दौरान गैस सिलेंडर की व्यवस्था, गोमती रिवर फ्रंट और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों में असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
ये भी पढ़ें: लॉरेंस गैंग ने रैपर बादशाह को धमकी दी, सोशल मीडिया पर लिखा- अगली बार सीधे माथे में गोली

