50 years of Sholay : हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्म ‘शोले’ ने अपने रिलीज के 50 साल पूरे कर लिए हैं, और इस मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने इससे जुड़ी अपनी खास यादें साझा कीं। यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की धड़कन बन गई है, जिसने पीढ़ियों तक दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
1975 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था और इसे मशहूर लेखक जोड़ी सलीम खान और जावेद अख्तर ने लिखा था। इसमें अमिताभ बच्चन (जय), धर्मेंद्र (वीरू), संजीव कुमार (ठाकुर), हेमा मालिनी (बसंती), जया बच्चन (राधा) और अमजद खान (गब्बर सिंह) जैसे दिग्गज कलाकार थे। दमदार किरदार, यादगार डायलॉग और मजबूत कहानी ने इसे भारतीय सिनेमा की मील का पत्थर बना दिया।
सनी देओल और बॉबी देओल बताई अपनी दिल की बात
धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल के लिए ‘शोले’ गर्व की बात है। उन्होंने बताया “मेरे लिए पापा दुनिया के सबसे अच्छे एक्टर हैं। जब फिल्म आई थी, शुरुआत में बिज़नेस धीमा था, लेकिन बाद में यह भारत की सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई।” बॉबी देओल ने बताया कि उन्हें बेंगलुरु के पास उस गांव में शूटिंग के दौरान जाने का मौका मिला था, जहां फिल्म फिल्माई गई थी। उन्होंने कहा “मैं जया जी का बहुत बड़ा फैन था और उनकी फोटो रखता था। मैंने इस फिल्म का चार घंटे वाला अनकट वर्ज़न भी देखा है।”
सलमान खान ने कहा बचपन की मीठी यादें
सलीम खान के बेटे सलमान खान ने बताया कि वे बचपन में ‘शोले’ के डायलॉग रिकॉर्ड पर बार-बार सुना करते थे। उन्होंने कहा “हमने ‘शोले’ चार-पांच बार देखी। घरों में, मोहल्लों में, हर जगह इसके गाने और डायलॉग गूंजते थे।”
फरहान अख्तर ने बोला सिनेमा से प्यार की शुरुआत
जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर ने कहा कि ‘शोले’ ने उनके मन में मुख्यधारा के सिनेमा के लिए प्यार जगाया। यह दुर्लभ है कि हर छोटा-बड़ा किरदार याद रह जाए। ‘शोले’ हमारी सामूहिक स्मृति का हिस्सा है, और आज भी यह तकनीकी रूप से बेहतरीन लगती है।
ये भी पढ़े : “कुछ नशा तिरंगे…..सचिन तेंदुलकर और सहवाग ने पोस्ट कर दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
अभिषेक बच्चन बोले घर की खास फिल्म
अभिषेक ने ‘शोले’ को भारतीय सिनेमा का “ऐतिहासिक पल” बताया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता घर पर इस फिल्म की पुरानी बातें शायद ही करते हैं, क्योंकि वे आज भी नए काम को लेकर सक्रिय रहते हैं।
करण जौहर ने कहा
करण जौहर ने याद किया कि उन्होंने 1979 में मिनर्वा सिनेमा में ‘शोले’ देखी थी। “ऐसे मास्टर्स ने हमें वह विरासत दी, जिससे हम सशक्त हुए,” उन्होंने कहा।
ये भी पढ़े : अक्षय कुमार ने ‘Real Hero’ के साथ शेयर की तस्वीर, सोनू सूद ने लहराया तिरंगा, देखें तस्वीरें
‘शोले’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा का सुनहरा अध्याय है। इसके किरदार, संवाद और कहानी आज भी उतने ही ताज़ा हैं, जितने 1975 में थे, और यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

