Bihar Election 2025: बिहार एनडीए में सीट बंटवारे के बाद अब स्थानीय विधायकों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले विधायक गोपाल मंडल आज सुबह-सुबह सीएम आवास पर पहुंच गए।
सुबह-सुबह सीएम आवास पहुंचे गोपाल मंडल
भागलपुर जिले की गोपालपुर विधानसभा सीट से विधायक गोपाल मंडल अपने बड़-बोले बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। वे आज सुबह साढ़े 8 बजे से सीएम आवास के बाहर मौजूद हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक उन्हें टिकट नहीं मिलेगा, तब तक वे वहां से नहीं जाएंगे।
“मैं कद्दावर नेता हूं, टिकट लेकर ही जाऊंगा” – गोपाल मंडल
सीएम आवास के गेट पर खड़े होकर गोपाल मंडल ने कहा कि मैं कद्दावर नेता हूं, ये लोग समझेंगे। मुझे टिकट मिलेगा और मैं बिना टिकट लिए यहां से नहीं जाऊंगा। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही खबर सीएम आवास के अंदर पहुंचेगी, नीतीश कुमार उन्हें मुलाकात के लिए बुलाएंगे।
पार्टी की नीतियों पर पहले भी जताई थी नाराजगी
कुछ दिन पहले गोपाल मंडल ने पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अति पिछड़ा वर्ग के लोगों में नेतृत्व उभरने की संभावना पार्टी ने खत्म कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, गोपाल मंडल के इन बयानों से जेडीयू नेतृत्व नाराज है और अब संभावना जताई जा रही है कि उनकी सीट से किसी दूसरे उम्मीदवार को टिकट दिया जा सकता है।

