होम = चुनाव = Voter Adhikar Yatra : पटना में आज विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, रैली से पहले लालू-राबड़ी पोस्टर गायब

Voter Adhikar Yatra : पटना में आज विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, रैली से पहले लालू-राबड़ी पोस्टर गायब

Voter Adhikar Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा का आज (सोमवार, 01 सितंबर) पटना के गांधी मैदान में भव्य समापन हो रहा है. यह यात्रा 14 दिनों में बिहार के 23 जिलों को कवर करते हुए राजधानी में पहुंची है. समापन समारोह में एक विशाल रोड शो और रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देश भर से कई प्रमुख राजनीतिक नेता शामिल होंगे.

महागठबंधन के नेताओं का जुटान

यात्रा का समापन आज सुबह 10:50 बजे से गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगा. इसके बाद, 11:15 बजे वोटर अधिकार मार्च की शुरुआत होगी,जो गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर प्रतिमा तक जाएगी. रैली का मार्ग गांधी मैदान के गेट नंबर एक से होते हुए एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना,नेहरू पथ (बेली रोड), इनकम टैक्स चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क में समाप्त होगा.

ये भी पढ़ें : मायावती ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए शुरू की तैयारियां, अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान

समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस के साथ-साथ महागठबंधन के अन्य नेताओं के अलावा कई राज्यों के दिग्गज नेता भी पहुंचे हैं. इनमें भाकपा महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव एमए बेबी, भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सपा नेता डिंपल यादव, टीएमसी सांसद यूसुफ पठान, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले, और शिवसेना उद्धव गुट के संजय राउत प्रमुख हैं.

कांग्रेस ने आयोजन किया हाईजैक

हालांकि,यात्रा के समापन पर एक नई राजनीतिक हलचल देखने को मिली. समापन कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी ने इस यात्रा को पूरी तरह से अपने पक्ष में कर लिया, जिससे विपक्षी दलों में असंतोष की लहर दौड़ गई है. खासकर राजद और अन्य महागठबंधन नेताओं ने इस मुद्दे पर चिंता जताई. कार्यक्रम के पोस्टरों से लालू यादव और राबड़ी देवी का नाम और फोटो गायब होने पर विरोध प्रदर्शन हुआ है. कई विपक्षी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने वोटर अधिकार यात्रा को पूरी तरह से हाईजैक कर लिया है, और इसे अपनी पार्टी के प्रचार में बदल दिया है.

अंतिम दिन का कार्यक्रम

  • 10:50-11:05 बजे: गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित.
  • 11:15 बजे: वोटर अधिकार मार्च की शुरुआत, जो गांधी मैदान से अंबेडकर प्रतिमा तक जाएगा.
  • 12:30 बजे: अंबेडकर पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी.
  • 12:40-14:30 बजे: विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता गांधी मैदान में सभा को संबोधित करेंगे.

अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंची यात्रा

14 दिनों तक बिहार के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क करते हुए यह यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंची है. इस दौरान, महागठबंधन ने सरकार के खिलाफ वोटरों के अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाने की कोशिश की, जबकि कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव ने समापन समारोह को एक नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है.

बंगाल