Tej Pratap Yadav : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और हसनपुर विधायक तेजप्रताप यादव ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए नई राजनीतिक दिशा की ओर कदम बढ़ाया है. उन्होंने आज पटना के होटल मौर्य में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर घोषणा की कि वे वीवीआईपी पार्टी (VVIP) के साथ गठबंधन करेंगे.
VIP पार्टी को बताया बहरूपिया
इस दौरान तेजप्रताप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वीवीआईपी ही असली पार्टी है, जबकि VIP पार्टी बहरूपिया है. वह एक नए बैकर से पार्टी बना कर घूम रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि RJD और कांग्रेस को भी अपनी पार्टी से जुड़ने का न्योता दिया है.
तेजप्रताप ने यह भी कहा कि मैं बिहार और देश की जनता के लिए आगे भी संघर्ष करूंगा. मेरे कई राजनीतिक दुश्मन हैं, लेकिन मैं उनकी बातों को नकारते हुए जनता के हित में काम करूंगा. इस दौरान उन्होंने RJD के युवा नेता तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि वे आगे बढ़ेंगे, लेकिन महुआ सीट से कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे.
दावा तेजस्वी महुआ से चुनाव नहीं लड़ेंगे
महुआ सीट पर तेजस्वी यादव के चुनाव लड़ने के सवाल पर तेजप्रताप ने स्पष्ट किया कि तेजस्वी महुआ से चुनाव नहीं लड़ेंगे और उन्होंने महुआ सीट को लेकर अपने पिछले फैसले का भी उल्लेख किया. महुआ सीट को हमने मुकेश रौशन को सौंपा था. अब जब वे रो रहे हैं, तो हम उन्हें सहारा देने के लिए तैयार हैं.
ये भी पढ़ें : व्यापार साझेदार चुनने के लिए मजबूर नहीं कर सकते…रूस ने भारत के खिलाफ ट्रंप की धमकी की निंदा की
कुछ दिनों पहले तेजप्रताप यादव ने महुआ से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. उन्होंने बताया था कि टीम तेजप्रताप एक प्लेटफार्म है, जो युवाओं को चुनाव में समर्थन देगा. जो युवा राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं, उन्हें हमारा पूरा समर्थन मिलेगा.
अब मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे नीतीश कुमार
तेजप्रताप ने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बयान दिया और कहा कि मेरी उम्मीद है कि इस बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे. जो नेता युवाओं,शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य की बात करेगा,वही बिहार की सत्ता में आएगा.
VIP से अलग हुई है VVIP
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बिहार में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते हुए दिखे हैं. वीवीआईपी पार्टी का गठन 29 जून 2025 को हुआ था, जब मुकेश सहनी के करीबी सहयोगी प्रदीप निषाद ने इस पार्टी की घोषणा की थी. प्रदीप निषाद ने यह भी दावा किया था कि पार्टी इस बार 70 फीसदी सीटों पर मल्लाह समाज के उम्मीदवारों को टिकट देगी.

