होम = चुनाव = “कट्टा से करप्शन तक… यही था जंगलराज!”- बिहार में पीएम मोदी का विपक्ष पर करारा प्रहार

“कट्टा से करप्शन तक… यही था जंगलराज!”- बिहार में पीएम मोदी का विपक्ष पर करारा प्रहार

Bihar Election 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (6 नवंबर) को बिहार के अररिया में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार को पिछली सदी के 90 के दशक में जंगलराज की आग में झोंक दिया गया था, जहां “कट्टा, करप्शन और कुशासन” ही पहचान बन गए थे।

पीएम मोदी ने कहा- “जंगलराज वाले खुद को आपका माई-बाप कहते थे, अपने आप को शहंशाह मानते थे। लेकिन असल में उन्होंने बिहार के सपनों को कुचल दिया।”

‘बिहार के मतदाता विकास के पक्ष में खड़े हैं’ – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिहार एक नए दौर की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा- “आज बिहार को विकसित बनाने के लिए पहले चरण का मतदान चल रहा है। सोशल मीडिया पर शानदार तस्वीरें आ रही हैं। महिलाएं, बेटियां, नौजवान बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे हैं। मैं हर मतदाता को अभिनंदन करता हूं।”

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि बिहार के लोग अब ठान चुके हैं कि वे विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में वोट देंगे।

‘आपके एक वोट ने लिखा बिहार का इतिहास’

प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं को उनके वोट की ताकत याद दिलाते हुए कहा- “आपके दादा-दादी और नाना-नानी के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था। लेकिन फिर 90 का दशक आया और बिहार पर RJD के जंगलराज ने हमला कर दिया।”

उन्होंने “जंगलराज” की परिभाषा देते हुए कहा- “जंगलराज मतलब – कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन। यही उस दौर की पहचान बन गई थी।”

‘नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला’

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को उस अंधकारमय दौर से बाहर निकाला।

“1990 से 2005 तक के 15 सालों में जंगलराज ने बिहार को बर्बाद कर दिया। लेकिन NDA सरकार में नीतीश जी ने बहुत मेहनत से राज्य को पटरी पर लाया। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास की रफ्तार और बढ़ गई।”

‘बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के नए आयाम’

पीएम मोदी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई बड़े संस्थान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा- “पटना में IIT और AIIMS खुला है, बोधगया में IIM है, दरभंगा AIIMS का काम तेजी से चल रहा है, भागलपुर में IIIT बना है, बिहार में 4 सेंट्रल यूनिवर्सिटी हैं, और अब नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी भी स्थापित की जा रही है।”

‘बिहार के युवाओं का उत्साह विकास की गारंटी’

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के युवाओं का उत्साह और महिलाओं की भागीदारी यह साबित करती है कि राज्य अब पिछड़ेपन से आगे बढ़ने को तैयार है। “बिहार के लोगों ने अब तय कर लिया है – जंगलराज नहीं, जनकल्याण चाहिए।”

बंगाल