Bihar Bandh Protest : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने के विरोध में एनडीए (NDA) ने आज, गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया. बंद के असर से राज्य के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा. समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, हाजीपुर, दरभंगा समेत 12 जिलों में नेशनल हाईवे जाम कर दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
पटना में 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात
बंद के मद्देनज़र कांग्रेस और राजद दफ़्तरों की सुरक्षा बढ़ाई गई है. पटना में 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए. राजधानी पटना के सगुना मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की. डाकबंगला चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने सड़क ब्लॉक कर दी. वहीं, बिहटा में बीजेपी नेताओं ने सड़कों पर जाम लगाया और अफसरों की गाड़ियों को रोका.
अन्य जिलों का हाल
- जहानाबाद: कार्यकर्ता रोड रोलर लेकर पहुंचे. स्कूल जा रही एक महिला टीचर को रोककर घर वापस भेज दिया गया. एक युवक के साथ मारपीट भी हुई.
- भागलपुर: बाइक से जा रहे पति-पत्नी और बंद समर्थकों के बीच बहस हुई. इस दौरान दंपती के साथ बदसलूकी की गई.
- दरभंगा: महिला मोर्चा ने प्रदर्शन की कमान संभाली. चौक-चौराहों पर सड़क जाम किया गया. हालांकि, पुलिस, एंबुलेंस और एयरफोर्स की गाड़ियों को रास्ता दिया गया.
- बेगूसराय: मंत्री सुरेंद्र मेहता खुद सड़क पर उतरे और दुकानों व रास्तों को बंद कराया.
- मुंगेर: कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया, हालांकि कुछ जगहों पर दुकानें खुली रहीं.
- मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर-दरभंगा NH-27 को जाम करने पर प्रदर्शनकारियों और RAF के जवानों के बीच तीखी बहस हुई, जिसे बाद में बातचीत से सुलझाया गया.
क्या है मामला
27 अगस्त को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली दी गई थी. इस घटना के बाद से ही बीजेपी विरोध-प्रदर्शन कर रही है. पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रिजवी को 28 अगस्त की रात गिरफ्तार किया था.

