Bihar Election 2025 : बिहार के वैशाली जिले से एक भावुक दृश्य सामने आया है, जहां बाहुबली पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला की पत्नी अन्नू शुक्ला चुनाव प्रचार के दौरान मंच पर फूट-फूट कर रो पड़ीं। वह अपनी बेटी शिवानी शुक्ला, जो लालगंज सीट से राजद (RJD) की प्रत्याशी हैं, के लिए जनता से वोट की अपील करने पहुंची थीं।
‘मुन्ना शुक्ला जिंदाबाद’ के नारों से भर आया दिल
घटना भगवानपुर अड्डा चौक की है, जहां चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। जैसे ही भीड़ से ‘मुन्ना शुक्ला जिंदाबाद’ के नारे गूंजे, अन्नू शुक्ला अपने आँसुओं पर काबू नहीं रख सकीं। मंच पर खड़ी अन्नू शुक्ला भावुक होकर रोने लगीं।
कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें ढांढस बंधाया और समर्थकों ने तालियों और नारों से माहौल को संभालने की कोशिश की। कुछ देर बाद खुद को संयत करते हुए अन्नू शुक्ला ने जनता से अपील की कि वे उनकी बेटी शिवानी को जिताकर मुन्ना शुक्ला के सपने को पूरा करें।
इमोशनल कार्ड से वोट की अपील
चुनावी सभाओं में अन्नू शुक्ला लगातार यह कहते हुए जनता से समर्थन मांग रही हैं कि उनके पति मुन्ना शुक्ला को साजिश के तहत जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि “मुन्ना जी ने हमेशा जनता की सेवा की, लेकिन उन्हें फंसाया गया। अब जनता उनकी बेटी के साथ है तो कोई भी ताकत हमें रोक नहीं सकती।” इस दौरान सभा में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारों के साथ शिवानी शुक्ला को जिताने का संकल्प लिया।
परिवार का जनसंपर्क अभियान तेज
शिवानी शुक्ला इन दिनों लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। उनके साथ मां अन्नू शुक्ला भी हर सभा में मौजूद रहती हैं। वे घर-घर जाकर जनता से मुलाकात कर रही हैं और पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का वादा कर रही हैं। लालगंज सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है, जहां शिवानी शुक्ला के सामने सत्ताधारी गठबंधन के प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
भावनाओं पर टिका चुनावी माहौल
वैशाली जिले में मुन्ना शुक्ला का प्रभाव हमेशा से रहा है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में पत्नी और बेटी का इमोशनल प्रचार अभियान चुनावी माहौल को पूरी तरह भावनात्मक बना रहा है। अन्नू शुक्ला के आंसुओं ने न केवल सभा का माहौल बदल दिया बल्कि समर्थकों के बीच सहानुभूति की लहर भी पैदा कर दी है।

