Lalu Prasad Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राज्य का सियासी माहौल गरमा गया है. सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है.
लालू यादव का पीएम मोदी पर हमला
लालू प्रसाद यादव ने पोस्ट में लिखा,ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार से और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में? ये गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा. यह पहली बार नहीं है जब लालू यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है. इससे पहले भी उन्होंने पीएम मोदी के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी जिसमें दरभंगा की एक रैली के दौरान मंच से उनकी मां को लेकर अपशब्द कहे गए थे. उस वक्त पीएम मोदी ने इसे अपनी मां ही नहीं बल्कि पूरे देश की हर मां का अपमान बताया था.
बिहार चुनाव से पहले सियासी गर्मी
लालू यादव ने इस पर पलटवार करते हुए कहा था कि,क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि पूरे बिहार की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को हल्के में न लें. बीजेपी के लोग शिक्षिकाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों तक का अपमान कर रहे हैं. यह शर्मनाक है.
तेजस्वी यादव ने भी दी प्रतिक्रिया
उधर,इस विवाद पर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा,किसी की मां को गाली देना हमारी संस्कृति नहीं है और हम इसके पक्ष में नहीं हैं. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भी अतीत में सोनिया गांधी और नीतीश कुमार को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की है. यहां तक कि विधानसभा में बीजेपी के विधायकों ने मेरी मां और बहनों को भी गाली दी है. बीजेपी प्रवक्ता बार-बार लाइव कैमरे पर महिलाओं का अपमान करते हैं.
ये भी पढ़ें : GST सुधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने PM मोदी का जताया आभार, कहा–आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
दरअसल, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में हुए विवाद के बाद बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. पार्टी की महिला नेताओं ने कांग्रेस और राजद के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया. वहीं, एनडीए ने 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान भी किया.

