Chirag Paswan on Nitish kumar : बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर एक बार फिर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राज्य की नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है. चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार में अपराध बेलगाम हो चुका है और प्रशासन पूरी तरह से विफल नजर आ रहा है. चिराग पासवान ने इस दौरान यह भी कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं, जहां आम लोग सुरक्षित नहीं हैं.
अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में एक के बाद एक आपराधिक घटनाएं घट रही हैं. हत्या,लूट, अपहरण और बलात्कार की वारदातों की मानो एक श्रृंखला सी बन गई है. प्रशासन अपराधियों के सामने पूरी तरह नतमस्तक नजर आ रहा है. सवाल यह है कि ऐसी घटनाएं थम क्यों नहीं रहीं?
ये भी पढ़ें : विधानसभा की लड़ाई जान पर आई…! राबड़ी देवी का दावा,तेजस्वी यादव को 4 बार जान से मारने की हुई कोशिश
उन्होंने आगे कहा कि जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है,उनका दर्द समझना जरूरी है. प्रशासन या तो लीपापोती में लगा हुआ है या फिर इन घटनाओं को कंट्रोल करना अब उसके बस की बात नहीं रह गई है. अपने बयान में चिराग ने कहा कि मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं,जहां अपराध चरम पर है.राज्य में आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं. अब समय आ गया है कि सरकार चेत जाए और कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करें.
हाल की घटनाएं बनी चिंता का कारण
ज्ञात हो कि बिहार में हाल ही में हुई कुछ आपराधिक घटनाओं ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीते दिनों पटना के जाने-माने व्यापारी गोपाल खेमका की उनके अपार्टमेंट के बाहर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसी तरह एक अन्य घटना में कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा की अस्पताल में घुसकर हत्या कर दी गई. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि पांच बदमाश अस्पताल में घुसे और गोली मारकर हत्या कर दी,फिर जश्न मनाते हुए फरार हो गए. इसके अलावा राज्य भर में लूट और बलात्कार की भी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है.
विपक्ष भी है हमलावर
बढ़ते अपराधों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है. चिराग पासवान का यह बयान भी इसी क्रम में है. अब देखना यह है कि नीतीश सरकार इन आरोपों और हालातों पर क्या प्रतिक्रिया देती है और अपराध पर लगाम लगाने के लिए कौन-से ठोस कदम उठाती है.

