होम = चुनाव = अमित शाह के आवास पर आज होगी भाजपा की बड़ी बैठक, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर होगी चर्चा

अमित शाह के आवास पर आज होगी भाजपा की बड़ी बैठक, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर होगी चर्चा

Bihar assembly elections : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सभी दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं और एनडीए (NDA) गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर भी मंथन जारी है. इसी क्रम में बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बिहार भाजपा की अहम बैठक बुलाई गई है.

विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी

बैठक में पार्टी की कोर कमेटी, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक, इसमें विधानसभा चुनाव की रणनीति, सीट बंटवारे की रूपरेखा, वोटर अधिकार यात्रा से जुड़े फीडबैक और विपक्ष की हालिया प्रतिक्रियाओं पर चर्चा होगी.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि बैठक में बिहार से जुड़े सभी अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा. अमित शाह नेताओं से वोटर अधिकार यात्रा के दौरान जुटी भीड़, लोगों की प्रतिक्रिया और संभावित राजनीतिक असर की जानकारी लेंगे. साथ ही राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा मतदाता सूची से नाम कटने के आरोपों पर भी चर्चा की जाएगी.

एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय

चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर एनडीए में सहमति बनने की खबरें हैं. सूत्रों का कहना है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) 102 और भाजपा 101 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. वहीं, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) [LJP(R)] को 20 सीटें, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को 10-10 सीटें दिए जाने की संभावना है.

ये भी पढ़ें : बिहार में SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला,कहा- सिर्फ आधार कार्ड नागरिकता का प्रमाण नहीं

हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है. कयास लगाए जा रहे हैं कि एनडीए जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट बंटवारे का ऐलान कर सकता है. सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू और भाजपा के बीच 1-2 सीटों का मामूली फेरबदल संभव है.