होम = चुनाव = बिहारियों को चूना लगाया जा रहा है…वोट अधिकार यात्रा से पहले तेजस्वी यादव का भाजपा पर हमला

बिहारियों को चूना लगाया जा रहा है…वोट अधिकार यात्रा से पहले तेजस्वी यादव का भाजपा पर हमला

Tejashwi Yadav : बिहार के सासाराम में 17 अगस्त को विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की. इस मौके पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर जोरदार हमला किया. उन्होंने कहा कि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत कर के राहुल गांधी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. हम यहां से वोट के अधिकार की रक्षा करेंगे, जो धीरे-धीरे छीने जा रहे हैं.

चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही बीजेपी

तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है. उनका कहना था कि वो काम जो बीजेपी खुद नहीं कर पा रही,वह चुनाव आयोग से करवा रही है. इसका मतलब है कि वो जनता के अधिकारों पर हमला कर रहे हैं. बिहारियों को चूना लगाया जा रहा है. वोट की चोरी नहीं हो रही, बल्कि डाका डाला जा रहा है.

चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ी टिप्पणी

राजद नेता ने आगे कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और तेजस्वी और राहुल की जोड़ी इस राज्य से वोट के अधिकार को खत्म होने नहीं देगी. उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ भी कड़ी टिप्पणी की,यह कहते हुए कि कई जीवित लोगों के नाम मृतकों की लिस्ट में डाले गए हैं,और सुप्रीम कोर्ट में इन लोगों को जिंदा साबित करने की प्रक्रिया चल रही है.

बिहार सरकार योजनाओं की नकल कर रही

तेजस्वी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे बिहार सरकार की योजनाओं की नकल कर रहे हैं. उदाहरण के तौर पर, उन्होंने कहा, “पहले नीतीश जी फ्री बिजली के खिलाफ थे, लेकिन अब वो 125 यूनिट मुफ्त बिजली दे रहे हैं. यह हमारे ही कदमों की नकल है.”

16 दिन तक चलेगी वोटर अधिकार यात्रा

बिहार के सासाराम में 17 अगस्त को विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की. इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं, और इसे आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले ‘वन पर्सन, वन वोट’ के सिद्धांत की रक्षा के रूप में देखा जा रहा है. यात्रा 16 दिन तक चलेगी और लगभग 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसका समापन 1 सितंबर को पटना में एक मेगा रैली के साथ होगा.