Bihar Voter List : विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा में अब महज तीन दिन शेष रह गए हैं. प्रारूप सूची को लेकर अब तक दो लाख 11 हजार 650 मतदाताओं ने दावे-आपत्तियां दी हैं.
11 लाख से अधिक फार्म छह जमा
इस दौरान 18 वर्ष और उससे ऊपर आयु के 11 लाख 36 हजार 565 युवाओं ने पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए फार्म छह के तहत आवेदन जमा किए हैं. राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) द्वारा भी फार्मों की रिपोर्ट जारी की गई है. इस रिपोर्ट के अनुसार 12 प्रमुख राजनीतिक दलों के एक लाख 60 हजार से अधिक बीएलए सक्रिय हैं.
सर्वाधिक 108 मतदाताओं के दावे-आपत्तियां दर्ज
सीपीआइएमएल (Communist Party of India (Marxist-Leninist)) के बीएलए ने सर्वाधिक 108 मतदाताओं के दावे-आपत्तियां दर्ज करवाई हैं, जबकि राजद ने शुक्रवार को नौ फार्म जमा किए हैं.
ये भी पढ़ें : सभा इंडिया गठबंधन की लेकिन कुर्सियों पर नाम NDA के नेताओं की…वोटर अधिकार यात्रा का वीडियो वायरल
8 सितंबर को मामले में सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
इस बीच, राजद और एआईएमआईएम ने सुप्रीम कोर्ट में एक अर्जी दाखिल कर मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हुए व्यक्तियों को दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है. दोनों पार्टियों का कहना है कि अंतिम तिथि के पास ही कई मतदाता अपनी आपत्तियां दर्ज करने में सक्षम नहीं हो पा रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट इस मामले में सुनवाई 8 सितंबर को करेगा. वर्तमान में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर निर्धारित की गई है.

