Bihar Election 2025 : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पटना में प्रेस वार्ता कर एक क्रांतिकारी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आज का चुनावी शंखनाद हो चुका है और अब बिहार में बदलाव और नवजागरण होगा।
हर घर को सरकारी नौकरी का वादा
तेजस्वी यादव ने घोषणा की कि यदि राजद सरकार बनती है, तो बिहार में उन सभी परिवारों को जिनके घर में सरकारी नौकरी नहीं है, बीस दिनों के भीतर सरकारी नौकरी देने का अधिनियम लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह योजना वैज्ञानिक तरीके से लागू की जाएगी और इसके लिए उनके पास सभी आवश्यक आंकड़े मौजूद हैं।
बेरोजगारी भत्ते पर तंज
तेजस्वी ने वर्तमान सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वे केवल बेरोजगारी भत्ते देने की बात कर रहे हैं, जबकि राजद ने 17 महीने की सरकार में पांच लाख नौकरियां प्रदान की थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी घोषणाओं की नकल करके सरकार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
सामाजिक और आर्थिक न्याय का वादा
तेजस्वी ने कहा, “हम कोई जुमलेबाजी नहीं कर रहे हैं। हम सामाजिक न्याय के साथ-साथ आर्थिक न्याय भी करेंगे। बिहार को करेक्ट और परफेक्ट सरकार देंगे।” उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता उन्हें आशीर्वाद देगी और उनका विजन साकार होगा।
चुनावी रणनीति का संकेत
तेजस्वी ने यह भी कहा कि यह केवल उनकी पहली घोषणा है और आगे और बड़े विजन और योजनाओं का खुलासा किया जाएगा। उनका यह वादा बिहार चुनाव में राजद की मुख्य रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
ये भी पढ़े : Bihar Election 2025 : टिकट की उम्मीद में नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह, पार्टी कार्यालयों में चहल-पहल

