होम = चुनाव = बिहार चुनाव = बिहार महागठबंधन में डिप्टी सीएम पद को लेकर घमासान, मुकेश सहनी की दावेदारी पर सहयोगी दलों ने नकारा

बिहार महागठबंधन में डिप्टी सीएम पद को लेकर घमासान, मुकेश सहनी की दावेदारी पर सहयोगी दलों ने नकारा

Bihar Deputy CM post :  बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही नहीं हुआ हो, लेकिन महागठबंधन में डिप्टी सीएम पद को लेकर घमासान शुरू हो गया है। वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने लगातार यह दावा किया है कि वह ही महागठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम बनेंगे। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी को 60 सीटों पर टिकट देने की भी मांग की है।

हालांकि महागठबंधन के अन्य सहयोगी  दलों ने मुकेश सहनी की इस दावेदारी को खारिज कर दिया है। राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, भाकपा, और माकपा जैसे प्रमुख दलों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि डिप्टी सीएम कौन बनेगा, इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

राजद और कांग्रेस ने खारिज की सहनी की दावेदारी

राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि कौन, किसकी दावेदारी कर रहा है, हम नहीं जानते। गठबंधन में ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है।राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने भी कहा कि डिप्टी सीएम का फैसला महागठबंधन के भीतर सामूहिक रूप से लिया जाएगा। इस समय तक ऐसा कुछ तय नहीं हुआ है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खां ने कहा कि महागठबंधन में अब तक केवल बिहार के संयोजक की भूमिका तय की गई है, जो तेजस्वी यादव हैं। डिप्टी सीएम पद के बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है, और न ही किसी से इस बारे में कोई वादा किया गया है।

भाकपा माले और माकपा ने भी दिया बयान

भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने मुकेश सहनी की 60 सीटों की मांग को अव्यावहारिक” करार देते हुए कहा, “चुनाव के बाद ही मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का पद तय किया जाएगा।” माकपा के राज्य सचिव ललन चौधरी ने भी कहा कि महागठबंधन के बीच सीटों और पदों को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

मुकेश सहनी की सलाह

हालांकि, मुकेश सहनी ने गठबंधन के नेताओं की सलाह पर ध्यान नहीं दिया और अपनी दावेदारी पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी की मांग है कि हम 60 सीटों पर चुनाव लड़ें और सरकार बनने के बाद हम ही डिप्टी सीएम बनेंगे। वीआईपी पार्टी इस समय 243 सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है, ताकि हर सीट पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित की जा सके।

विधानसभा चुनाव की तैयारी

मुकेश सहनी का कहना है कि पार्टी इस मुद्दे पर 17 अगस्त को सासाराम में अपनी बैठक आयोजित करेगी, जहां चुनाव की तैयारी को लेकर बड़े फैसले लिए जाएंगे। अब देखना यह होगा कि महागठबंधन के अंदर इस घमासान का क्या परिणाम निकलता है, और कौन किसे अपनी दावेदारी पर कितना समर्थन देता है।

ये भी पढ़े : उपासना ने फोन में ‘रामचरण 200’ लिखकर सेव किया पति का नंबर, इंटरव्यू में बताई अनूठी वजह