चुनाव या टिकट की नहीं हुई बात, महिलाओं की आवाज बनना चाहती हैं ज्योति
Bihar Election 2025 : भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने आज जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से पटना के शेखपुरा हाउस में मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद ज्योति सिंह ने कहा कि वह चुनाव लड़ने या टिकट मांगने नहीं आई हैं।
“मैं दूसरी महिलाओं के लिए लड़ना चाहती हूं”- ज्योति सिंह
मुलाकात के बाद ज्योति सिंह ने कहा- मैं यहां किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं आई हूं। मेरा मकसद है कि किसी और महिला को वह अन्याय न सहना पड़े जो मुझे सहना पड़ा। मैं चाहती हूं कि सभी पीड़ित महिलाओं की आवाज बनूं।
प्रशांत किशोर ने भी दी सफाई
प्रशांत किशोर ने भी स्पष्ट किया कि ज्योति सिंह मुझसे एक आम बिहारी महिला की तरह मिलने आई थीं। उन्होंने कभी चुनाव लड़ने या टिकट की बात नहीं की। उन्होंने आगे कहा कि ज्योति एक गंभीर अन्याय का सामना कर रही हैं और चाहती हैं कि बिहार की किसी अन्य महिला को ऐसा न सहना पड़े।
जन सुराज देगा लोकतांत्रिक समर्थन
प्रशांत किशोर ने कहा- हम उनके पारिवारिक मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकते। लेकिन जहां तक उनकी सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों की बात है, जन सुराज उनके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि ज्योति सिंह को कानून के दायरे में रहकर अपनी लड़ाई लड़नी चाहिए।
ज्योति सिंह और प्रशांत किशोर की यह मुलाकात भले ही राजनीतिक न हो, लेकिन यह बिहार की महिलाओं के लिए एक मजबूत सामाजिक संदेश जरूर है। ज्योति सिंह अब उन महिलाओं की आवाज बनना चाहती हैं जो अन्याय और शोषण का सामना कर रही हैं।
ये भी पढ़े : पहचान पत्र नहीं होने पर भी कर सकेंगे मतदान, EC ने जारी की 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों की सूची

