होम = चुनाव = बिहार चुनाव = “चार लाख मिठाइयां, 56 भोग और डेढ़ लाख मेहमानों का भोज! मतगणना से पहले अनंत सिंह के घर जश्न की बड़ी तैयारी”

“चार लाख मिठाइयां, 56 भोग और डेढ़ लाख मेहमानों का भोज! मतगणना से पहले अनंत सिंह के घर जश्न की बड़ी तैयारी”

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले उम्मीदवारों के घरों में माहौल पूरी तरह चुनावी जश्न में बदल चुका है। मोकामा सीट से JDU उम्मीदवार बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक पहले ही जीत का जश्न मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। मतगणना से पहले ही पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर भव्य दावत और पूजा की तैयारियां जारी हैं। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह के विधायक निवास पर एक से डेढ़ लाख लोगों की क्षमता वाले विशाल पंडाल लगाए गए हैं। समर्थकों का दावा है कि मतगणना के दिन यहां जीत का जश्न ऐतिहासिक होगा। भोजन और प्रसाद के इंतजाम ऐसे हैं जैसे किसी बड़े महोत्सव की तैयारी हो।

56 भोग की तैयारी

खाने के मेन्यू में पूड़ी, पुलाव, दाल और कई तरह की सब्जियों के साथ 56 भोग की तैयारी की जा रही है। मिठाइयों की बात करें तो आंकड़े चौंका देने वाले हैं करीब चार लाख मिठाइयां और एक लाख रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, मिठाइयों के लिए दो सौ क्विंटल दूध और डेढ़ क्विंटल खोया मंगवाया गया है।
करीब सैकड़ों हलवाई दिन-रात मिठाइयां तैयार करने में जुटे हुए हैं ताकि मतगणना के दिन समर्थकों को मिठास भरा स्वाद परोसा जा सके।

हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद हैं। बावजूद इसके उनके समर्थक पूरे जोश में हैं और विश्वास जता रहे हैं कि नतीजे उनके पक्ष में आएंगे। समर्थकों ने बताया कि जीत की घोषणा होते ही पूरे पटना में जश्न का माहौल बनेगा।

सभी दलों के खेमों में तैयारियां जोरों पर

इधर, अन्य प्रत्याशी और दलों के खेमों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। पटना के मिठाई कारोबारियों के अनुसार, इस बार चुनाव परिणाम के बाद 10 टन से ज्यादा लड्डू की खपत होने की संभावना है। कई नेताओं ने पहले ही मिठाइयों के ऑर्डर बुक करा दिए हैं। बिहार की सियासत में भले ही परिणाम का इंतजार बाकी हो, लेकिन मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह के घर पर माहौल कुछ ऐसा है मानो जीत तय हो चुकी हो। अब सबकी नजरें 14 नवंबर पर टिकी हैं जब ईवीएम खुलेगी, तब पता चलेगा कि अनंत सिंह की ये “मिठास भरी तैयारी” जश्न में बदलेगी या निराशा में।

ये भी पढ़ें: IPL खिलाड़ी पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप, महिला क्रिकेटर ने सुनाई दर्दभरी दास्तां, जाने क्या है खबर

बंगाल