Bihar Election : बिहार NDA में सीट बंटवारे को लेकर चल रही माथापच्ची अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज (बुधवार) पटना पहुंच रहे हैं। उनके आगमन के साथ ही सीट शेयरिंग को लेकर फंसे मुद्दों को सुलझाने की कवायद तेज़ हो गई है।
धर्मेंद्र प्रधान आज बैठक में शामिल होंगे
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान आज दोपहर एक बजे पार्टी की आंतरिक बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। चर्चा का मुख्य फोकस उन सीटों पर रहेगा, जिन पर एनडीए के घटक दलों के बीच दावा-प्रतिदावा चल रहा है।
चिराग पासवान से मुलाकात कर मामले सुलझाने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बीजेपी की कुछ पारंपरिक सीटों पर दावेदारी जताई है, जिसके चलते सीटों का समीकरण उलझा हुआ है। माना जा रहा है कि आज शाम बीजेपी नेता चिराग पासवान से मुलाकात कर इस मसले को सुलझाने की कोशिश करेंगे।
अवाम मोर्चा और केंद्रीय मंत्री असम दौरे पर
इधर, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी इन दिनों असम दौरे पर हैं, इसलिए पार्टी की ओर से उनके बेटे संतोष सुमन से बीजेपी नेताओं की बातचीत हो सकती है। वहीं, राष्ट्रीय लोक जनता दल (RLJD) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के साथ लगभग सहमति बन चुकी है, और उनके हिस्से की सीटों को लेकर अब कोई विवाद नहीं बचा है।
ये भी पढ़े – रामविलास पासवान की पुण्यतिथि, चिराग हुए भावुक, कहा– “पापा, आपके सपनों को ….”
एनडीए (Bihar Election) की अंदरूनी समीकरणों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। उम्मीद है कि धर्मेंद्र प्रधान की इस बैठक के बाद सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान में कुछ हद तक समाधान निकल सकता है और गठबंधन की तस्वीर साफ हो पाएगी।

