Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर सियासी गर्मी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ एनडीए हो या विपक्षी महागठबंधन—दोनों ही खेमों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। एनडीए में चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के रुख से हालात गरम हैं। आज चिराग पासवान ने पटना में पार्टी की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इसमें नेताओं से चर्चा के बाद वे बीजेपी से सीट शेयरिंग पर बातचीत करेंगे।
वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में भी सब कुछ ठीक नहीं है। आरजेडी, वीआईपी और लेफ्ट दलों के बीच सीटों को लेकर मोलभाव जारी है। बुधवार को सीट बंटवारे की घोषणा करने की बात कही गई थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। इसी बीच सीएम हाउस में आज जेडीयू की अहम बैठक बुलाई गई है।
उधर जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर भी आज अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करने वाले हैं। बीजेपी ने भी अपनी प्रारंभिक उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है, जिसे अब केंद्रीय चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड के पास भेजा जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 11 और 12 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
बता दें कि चुनाव की तारीखें सामने आने के साथ ही राज्य में सियासी गर्मी बढ़ गई है। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
ये भी पढ़े : बिहार में मौसम का बदला मिजाज: गुलाबी ठंड की शुरुआत, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

