Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को मुजफ्फरपुर से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ साझा मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर आप नरेंद्र मोदी से कहें कि वोट के बदले नाचिए, तो वो मंच पर नाचेंगे भी।” उन्होंने आगे कहा कि मोदी जी को छठ पूजा या यमुना नदी की सफाई से कोई लेना-देना नहीं, उनका मकसद सिर्फ वोट लेना है। राहुल ने प्रधानमंत्री के “खास बनाए गए तालाब” में स्नान करने की तुलना दिल्ली में प्रदूषित यमुना में पूजा कर रहे श्रद्धालुओं से की और कहा, “मोदी जी अपने स्विमिंग पूल में नहाने गए थे, उन्हें छठ पूजा से कोई मतलब नहीं है।”
भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी की इन टिप्पणियों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा “स्थानीय गुंडे जैसी” है और उन्होंने न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी, बल्कि देश के मतदाताओं का भी अपमान किया है। भाजपा प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतंत्र और भारतीय मतदाताओं का मजाक उड़ा रहे हैं।
नीतीश कुमार पर भी हमला
राहुल गांधी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने “20 साल में पिछड़े वर्गों के लिए कुछ नहीं किया।” राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, जबकि “रिमोट कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है।” उन्होंने कहा, “नीतीश जी का चेहरा इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन असली कंट्रोल दिल्ली में बैठे लोगों के पास है।”
‘वोट चोरी’ का आरोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप दोहराया। उन्होंने कहा, “भाजपा ने महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव चुराए, अब बिहार में भी पूरी कोशिश करेगी।” राहुल ने दावा किया कि बिहार में 66 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने लोगों से महागठबंधन को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव “लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा” का है।
राहुल गांधी की इस सभा से बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं भाजपा और जदयू ने उनके बयानों को हताशा भरा राजनीतिक हमला बताया है।

