होम = चुनाव = Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता

Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता

Bihar 1st Phase Voting : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज गुरुवार को शुरू हो गई है। इस चरण में राज्य की कुल 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ दिख रही है। पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है।

पीएम मोदी ने मतदाताओं से की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों से लोकतंत्र के इस “महापर्व” में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

उन्होंने कहा- “पहले मतदान, फिर जलपान! सभी मतदाता पूरे उत्साह के साथ वोट करें। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को मेरी शुभकामनाएं।”

मैथिली ठाकुर ने डाला वोट

अलीनगर से बीजेपी उम्मीदवार और लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने कहा,“भगवान से यही प्रार्थना है कि अगर मेरे हाथों किसी की सेवा लिखी है, तो मुझे अवसर मिले। जो भी होगा, सबके हित में होगा।”

विजय कुमार सिन्हा ने किया मतदान

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा ने मतदान के बाद कहा,“लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी को शामिल होना चाहिए। बिहार को जंगलराज और गुंडाराज से मुक्ति दिलाई जाएगी। मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है।”

खेसारी लाल यादव बोले – “मुझे यहां से कुछ लेकर नहीं जाना है”

छपरा से राजद उम्मीदवार और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने कहा,“मैं कुछ लेकर नहीं, बल्कि कुछ देने आया हूं। हम सबको मिलकर एक बेहतर बिहार बनाना है। लोगों को राजनीति नहीं, व्यवस्था की बात करनी चाहिए।”

राबड़ी देवी ने दी बेटों को शुभकामनाएं

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मतदान के दौरान कहा,“मेरे दोनों बेटों को शुभकामनाएं। तेज प्रताप अपने दम पर लड़ रहे हैं। मैं बिहार के लोगों से अपील करती हूं कि वे बाहर निकलकर मतदान करें।”

तेजस्वी यादव बोले – “14 नवंबर को नई सरकार बनेगी”

राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने वोट डालने के बाद कहा, “14 नवंबर को नई सरकार बनने वाली है।”

मतदान का समय और सीटें

6 सीटों पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा – सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा।

बाकी 115 सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

इन 121 सीटों पर कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

 कब आएगा नतीजा?

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण के मतदान के साथ ही अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जनता किसे अपना जनादेश देती है।