होम = क्राइम =  नोएडा और अहमदाबाद में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी

 नोएडा और अहमदाबाद में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी

Noida-Ahmedabad schools bomb threats: गणतंत्र दिवस से ठीक तीन दिन पहले अहमदाबाद के कई स्कूलों के साथ-साथ नोएडा के शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके चलते शुक्रवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और छात्रों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। अहमदाबाद में कई प्राइवेट स्कूलों को निशाना बनाया गया, जिसके बाद स्कूल अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शहर पुलिस, बम निरोधक इकाई, फोरेंसिक विभाग और दमकल विभाग की टीमों को परिसरों में गहन निरीक्षण के लिए तैनात किया गया।

शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

नोएडा में शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल को एक धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और BDDS टीम स्कूल पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच की गई। एहतियात के तौर पर छात्रों को सुरक्षित तरीके से स्कूल बसों के जरिए घर भेजा गया।

क्या कहा नोएडा पुलिस ने

नोएडा पुलिस ने बताया कि कुछ निजी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम ई-मेल की तकनीकी जांच भी कर रही है। पुलिस के अनुसार, स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है।

गुजरात में भी कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

वहीं दूसरी तरफ गुजरात में अहमदाबाद के पश्चिमी इलाके के कई स्कूलों को ईमेल से बम की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की बम स्क्वॉड और फोरेंसिक डिपार्टमेंट की टीम जांच कर रही है। यह जानकारी क्राइम ब्रांच अहमदाबाद की ओर से दी गई।

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय के किडनैपिंग की कोशिश का वीडियो आया सामने