होम = Breaking = Uttarakhand: कालसी में 30 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 3 की मौत; कई घायल

Uttarakhand: कालसी में 30 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 3 की मौत; कई घायल

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक पैसेंजर बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 6-7 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के समय बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बचाव कार्य में SDRF सक्रिय

स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में क्वानू-मीनस रोड पर हिमाचल रोडवेज की बस दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी की टीमों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। बचाव दल ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

सीएम धामी ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कालसी में बस दुर्घटना की बेहद दुखद खबर मिली है। उन्होंने तुरंत जिला मजिस्ट्रेट से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन और पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सभी आस-पास के मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उन्नत मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें: PM Modi Varanasi Visit: काशी को मिलेगा विकास का नया तोहफा, PM मोदी करेंगे हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का शुभारंभ