Nitin Nabin: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर नितिन नबीन पहली बार रविवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पहुंचे। जहां उनका कार्यकर्ताओं ने जोर-शोर से स्वागत किया। नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे से आते हुए ऐसा लग रहा था, जैसे किसी विदेशी शहर में आ गए हों।
2027 में यूपी में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन ने दावा किया कि इस चुनाव में बीजेपी की सरकार फिर बनेगी और इसका संदेश आज मांट (मथुरा) की धरती से पूरे प्रदेश में चला गया है। उन्होंने कहा एक वक्त था जब कभी बंदूक की नोंक पर उत्तर प्रदेश में सरकार चलती थी। आज जनता के वोट से चल रही है। कार्यकर्ता बूथों को मजबूत करें।
नितिन ने पीएम की नीतियों की तारीफ की
बीजेपी अध्यक्ष नितिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन के केंद्र में अंतिम व्यक्ति को रखते हुए विकास सुनिश्चित किया है और जोर देकर कहा कि उनकी नीतियों का केंद्र बिंदु कमजोर और हाशिए पर रहने वाले लोग रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत का जिक्र करते हुए नबीन ने कहा कि अब विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री का विकास का दृष्टिकोण सबसे गरीब और सबसे हाशिए पर रहने वाले लोगों पर केंद्रित है।
सीएम योगी संग नितिन ने किया मंदिर का दौरा
बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वृंदावन मार्ग पर स्थित श्री वृंदावन चंद्रोदय मंदिर का दौरा किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
ये भी पढ़ें: ‘मतदाता ही आत्मा है’ 2026 की पहली मन की बात में PM मोदी का लोकतंत्र को बड़ा संदेश

