T20I World Cup 2026: अगले महीने से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है। पहले खबर आई कि वो भारत में मैच खेलना नहीं चाहता तो वेन्यू बदलने की मांग की गई है। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अनुरोध किया है कि उसके ग्रुप को आयरलैंड के साथ बदल दिया जाए। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट आयरलैंड (सीआई) ने कहा है कि आईसीसी उनके मैचों को श्रीलंका से बाहर नहीं करेगा। ऐसे में अब बांग्लादेश टीम को भारत में खेलने के अलावा विकल्प कम ही बचते हैं।
क्या कहा CI ने
क्रिकेट आयरलैंड (सीआई) के एक अधिकारी ने कहा, “हमें स्पष्ट आश्वासन मिला है कि हम मूल शेड्यूल से नहीं हटेंगे। हम निश्चित रूप से ग्रुप स्टेज के मैच श्रीलंका में ही खेलेंगे।”
मीटिंग में ये रहे मौजूद
आईसीसी के साथ शनिवार को ढाका में एक मीटिंग के दौरान बीसीबी ने एक संभावित समाधान के तौर पर आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का विचार रखा। आईसीसी प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व इंटीग्रिटी यूनिट के जनरल मैनेजर एंड्रयू एफ़ग्रेव ने व्यक्तिगत रूप से किया, जबकि इवेंट्स और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस के जनरल मैनेजर गौरव सक्सेना वीजा में देरी के कारण वर्चुअली शामिल हुए। बीसीबी अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शकावत हुसैन और फारूक अहमद, क्रिकेट ऑपरेशंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल आबेदीन और सीईओ निजामुद्दीन चौधरी भी मौजूद थे।
किस ग्रुप में हैंआयरलैंड
टूर्नामेंट के लिए आयरलैंड ग्रुप बी में है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ओमान शामिल हैं। आयरलैंड अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच श्रीलंका में खेलेगा (पहले तीन कोलंबो में और आखिरी पालेकेले में)। दूसरी ओर, बांग्लादेश ग्रुप सी में है, जिसमें इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली शामिल हैं। बांग्लादेश कोलकाता में तीन और मुंबई में एक मैच खेलेगा।

