होम = Breaking = फिर गरमा वैष्णो देवी रोपवे प्रोजेक्ट, कल्कि संगठन ने जताया विरोध, श्राइन बोर्ड को दी चेतावनी

फिर गरमा वैष्णो देवी रोपवे प्रोजेक्ट, कल्कि संगठन ने जताया विरोध, श्राइन बोर्ड को दी चेतावनी

माता वैष्णो देवी के पावन क्षेत्र कटड़ा में प्रस्तावित रोपवे परियोजना के खिलाफ चल रहे आंदोलन को नया उत्साह मिला है। मूवमेंट कल्कि ने खुलकर कटड़ा संघर्ष समिति के समर्थन का ऐलान किया।

इस संदर्भ में संगठन का प्रतिनिधिमंडल कटड़ा पहुंचा और स्थानीय लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नागरिकों और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर परियोजना को लेकर अपनी चिंताओं और सुझाव साझा किए।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मूवमेंट कल्कि के सह-संस्थापक ठाकुर अर्जुन सिंह ने किया। उनके साथ सदस्य विक्रम महाजन, डॉ. सुदेश कुमार और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और रोपवे परियोजना को लेकर अपनी चिंताओं को साझा किया।

मूवमेंट कल्कि के नेताओं ने कहा कि उनका संगठन सनातन परंपराओं की रक्षा, धर्म की स्थापना और समाज के एकीकरण के उद्देश्य से कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोपवे परियोजना न केवल कटड़ा के स्थानीय निवासियों बल्कि माता वैष्णो देवी में आस्था रखने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

संगठन ने कहा, “माता वैष्णो देवी की यात्रा सिर्फ भवन तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि एक पवित्र परंपरा है। यह यात्रा सांझीछत, अर्धकुंवारी, हिमकोटी जैसे पावन पड़ावों से होकर गुजरती है, जो माता की लीलाओं और आस्था से गहराई से जुड़ी हैं।”

मूवमेंट कल्कि ने चेतावनी दी कि रोपवे परियोजना से धार्मिक परंपराओं को नुकसान के साथ-साथ कटड़ा की स्थानीय अर्थव्यवस्था भी प्रभावित होगी। घोड़ा-खच्चर संचालक, पिट्ठू, पालकी सेवक, दुकानदार और यात्रा मार्ग से जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका संकट में पड़ सकती है।

संगठन ने स्थानीय विधायक के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनभावनाओं के विपरीत निर्णय जनता की सहमति के बिना लिए जा रहे हैं। अंत में मूवमेंट कल्कि ने मांग की कि रोपवे परियोजना का काम तुरंत रोका जाए, सभी टेंडर रद्द किए जाएँ और स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल किया जाए। संगठन ने कटड़ा संघर्ष समिति के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखने का भी ऐलान किया।

ये भी पढ़ें: मोहाली के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

बंगाल