होम = Cover Story Latest = घर की नौकरानी निकली ‘फर्जी ED रेड’ की मास्टरमाइंड, दिल्ली में सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश

घर की नौकरानी निकली ‘फर्जी ED रेड’ की मास्टरमाइंड, दिल्ली में सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश

ED Fake Raid: दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक घरेलू मेड ने अपने ही मालिक के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की फर्जी रेड करवा दी। इस हाई-प्रोफाइल साजिश का खुलासा दिल्ली पुलिस ने 350 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर किया।

घर में घुसे नकली अधिकारी

11 फरवरी को पुलिस की वर्दी में तीन लोग खुद को ED अधिकारी बताकर 86 वर्षीय रिटायर्ड आर्किटेक्ट आरसी सभरवाल के घर पहुंचे। परिवार को धमकाकर मोबाइल छीने गए और तलाशी के बहाने करीब 3-4 लाख रुपये नकद व सात महंगी घड़ियां लूट ली गईं।

एक सुराग और पूरी साजिश बेनकाब

पुलिस ने इलाके के निजी कैमरों, ट्रैफिक सर्विलांस और हाईवे फुटेज का विश्लेषण किया। संदिग्धों की कार सराय काले खां से होते हुए गाजीपुर बॉर्डर पार कर गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-4 तक पहुंची। वहीं से तकनीकी सर्विलांस ने असली राज खोल दिया।

नौकरानी ही निकली मास्टरमाइंड

जांच में सामने आया कि घर की नौकरानी रेखा देवी ही पूरी साजिश की सूत्रधार थी। उसने घर की हर जानकारी अपने करीबियों को दी और फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर फर्जी रेड का प्लान तैयार किया। उसकी भाभी पूजा राजपूत भी इस रैकेट में शामिल पाई गई।

फर्जी रेड का सामान बरामद

25 फरवरी को छापेमारी में ITBP डिप्टी कमांडेंट की वर्दी, वायरलेस सेट, नकली ID कार्ड, चोरी की घड़ियां और गहने बरामद किए गए। दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपी एक TBP कांस्टेबल और दो अन्य अब भी फरार हैं।

देशभर में फैल रहा ‘नकली रेड’ ट्रेंड

पुलिस का मानना है कि यह मामला अकेला नहीं है। हाल ही में गुजरात में भी इसी तरह की फर्जी ED रेड सामने आई थी, जहां करोड़ों की लूट को अंजाम दिया गया। जांच एजेंसियां अब ऐसे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी हैं। यह केस न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि भरोसे के रिश्तों में छिपा धोखा कितना खतरनाक हो सकता है।

ये भी पढ़ें: चेपॉक में करो या मरो की रात, काली मिट्टी की पिच पर भारत की अग्निपरीक्षा, गंभीर-सूर्या के बड़े दांव

बंगाल