होम = Cover Story Latest = मदद मांगती रही दादी… जनकपुरी की सड़कों पर इंसानियत हुई बेबस, हिट-एंड-रन में 6 साल की बच्ची की मौत

मदद मांगती रही दादी… जनकपुरी की सड़कों पर इंसानियत हुई बेबस, हिट-एंड-रन में 6 साल की बच्ची की मौत

Delhi Car Crash: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक दर्दनाक हिट-एंड-रन ने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए। तेज़ रफ्तार कार की टक्कर से एक ई-रिक्शा पलट गए, जिसमें सवार 6 साल की बच्ची और उसकी दादी सड़क पर जा गिरीं। बच्ची की गंभीर हालत के बावजूद मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

घटना उस वक्त हुई जब बच्ची अपनी दादी के साथ स्कूल जा रही थी। 57 वर्षीय दादी मर्सी ज़ेवियर ने बताया कि अचानक आई कार की जोरदार टक्कर से वे संभल भी नहीं पाईं और दोनों सड़क पर गिर पड़ीं। होश में आने पर उन्होंने अपनी पोती को बगल में बेसुध पाया और मदद के लिए लोगों से गुहार लगाई, लेकिन कोई तुरंत आगे नहीं आया।

मदद के लिए कोई हाथ नहीं आया आगे

दादी के मुताबिक, उन्होंने एक कार चालक से बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की विनती की, लेकिन वह मदद करने के बजाय मौके से चला गया। इस पूरे घटनाक्रम ने सड़क पर मौजूद लोगों की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया। बाद में किसी तरह बच्ची को माता चानन देवी हॉस्पिटल और फिर मैक्स हॉस्पिटल द्वारका ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।

बच्ची की मां ने बातचीत में रैश ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लापरवाह ड्राइविंग किसी पल किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकती है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 7:40 बजे की है। जनकपुरी पुलिस स्टेशन में लापरवाही से गाड़ी चलाने से मौत का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चालक संजीव को गिरफ्तार कर लिया गया है, वाहन जब्त कर लिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह हादसा सिर्फ एक बच्ची की मौत नहीं, बल्कि समाज की उदासीनता पर एक कठोर सवाल है।

ये भी पढ़ें: ‘आसिम मुनीर मेरे बॉस नहीं’, टीवी इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का बड़ा दावा, भारत के साथ संबंधों पर क्या हुआ?

बंगाल