होम = Cover Story Global = ‘किसने मां का दूध पिया है, गोली मारकर दिखाओ’, कथावाचक राजन जी महाराज ने अपनी टीम को मिली धमकी पर दी तीखी प्रतिक्रिया

‘किसने मां का दूध पिया है, गोली मारकर दिखाओ’, कथावाचक राजन जी महाराज ने अपनी टीम को मिली धमकी पर दी तीखी प्रतिक्रिया

by | Feb 2, 2026 | Cover Story Global, State

Rajan Ji Maharaj Ramkatha: प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज इन दिनों उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रामकथा कर रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। इसी आयोजन के दौरान राजन जी महाराज का एक बयान चर्चा का विषय बन गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच से दिए गए उनके तीखे शब्दों ने सभी को चौंका दिया।

गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित रामकथा के दौरान सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथावाचन के बीच अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर राजन जी महाराज आवेश में आ गए और उन्होंने व्यास पीठ से कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया दी। इस दौरान मौजूद श्रद्धालु हैरान रह गए।

बताया जा रहा है कि कथा के दौरान किसी श्रोता ने राजन जी महाराज की टीम के एक सदस्य को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर महाराज ने सार्वजनिक मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की और कथित धमकी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी टीम को गोली मारने की धमकी दी गई है, जिस पर उन्होंने तीखे तेवर अपनाते हुए चुनौती भरे शब्द कहे।

विवाद की वजह

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कुछ लोग बार-बार मंच पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर बहस बढ़ गई और मामला इतना गंभीर हो गया कि कथित तौर पर धमकी देने की बात सामने आई।

समझाइश के बाद दोबारा शुरू हुई कथा

घटना से आहत राजन जी महाराज ने कुछ समय के लिए कथा न करने का निर्णय लिया था। हालांकि, आयोजकों और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद वे दोबारा मंच पर लौटे। इसके बाद उन्होंने श्रोताओं को पूरी घटना की जानकारी दी। इसी दौरान दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

राजन जी महाराज ने कहा कि 16 वर्षों की कथा यात्रा में यह पहली बार है जब उन्हें इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने मंच से कहा कि वे प्रेम और श्रद्धा के साथ कथा करने आए हैं और श्रोताओं से भी शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। महाराज के इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।

ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हमलों से बौखलाया पाकिस्तान, सैन्य कार्रवाई में 150 से ज्यादा बलूच ढेर; इंटरनेट बंद