होम = Cover Story Global = नोएडा के बाद अब भिवाड़ी में भी सड़क पर उतरे श्रमिक, प्रशासन अलर्ट मोड में

नोएडा के बाद अब भिवाड़ी में भी सड़क पर उतरे श्रमिक, प्रशासन अलर्ट मोड में

by | Apr 14, 2026 | Cover Story Global

Bhiwadi News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार, 14 अप्रैल को बड़ी संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए। नोएडा के बाद अब भिवाड़ी में भी मजदूरों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। पथरेडी स्थित मदरसन सुमी सिस्टम्स लिमिटेड प्लांट के बाहर हजारों महिला और पुरुष कर्मचारियों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सुबह से ही फैक्ट्री गेट पर जुटे श्रमिकों के प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।

वेतन वृद्धि और काम घंटे संतुलित करने की मांग

भिवाड़ी में प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों (Bhiwadi Protest) की प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि, काम के घंटों में संतुलन और कंपनी प्रबंधन के कथित खराब व्यवहार पर रोक शामिल है। श्रमिकों का आरोप है कि उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है। उनका कहना है कि लंबे समय से अपनी समस्याएं उठाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ा है।

शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। चोपानकी थाना अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को समझाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की है। हालांकि, प्रदर्शन भी तक शांत बना हुआ है और किसी हिंसक घटना की खबर नहीं है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण है।

Tags : protest