US President Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और भारत एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं। इससे दोनों देशों के बीच आपसी टैरिफ कम होंगे। ट्रंप ने यह घोषणा प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद की। बता दें, अमेरिका ने अब भारतीय सामानों पर कुल 18 प्रतिशत टैरिफ कर दिया है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। बाजार खुलते ही सुबह में प्री ट्रेडिंग टाइम में सेंसेक्स में 3600 अंकों तक की बढ़त देखी गई और यह 85,000 के क़रीब पहुंच गया था।
इन सेक्टर्स में दिखी तेजी
Nifty Realty सबसे आगे, 4% से अधिक की बढ़त के साथ, जबकि ऑटो, इंफ्रास्ट्रक्चर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, IT और मेटल्स में भी मजबूत तेजी देखी गई। बैंकिंग सेक्टर पर भी नजर बनी रही, Nifty Private Bank लगभग 3% और Nifty Bank 2.5% से अधिक बढ़ा, जो साइक्लिकल और डिफेंसिव दोनों सेक्टर्स में निवेशकों के व्यापक जोखिम लेने की स्थिति को दिखाता है।
भारत अब वेनेजुएला से तेल खरीदेगा
ट्रंप ने कहा, “आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करके मुझे बहुत सम्मान महसूस हुआ। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई मुद्दों पर बात की, जिसमें व्यापार और रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करना शामिल है। वह रूसी तेल खरीदना बंद करने और संयुक्त राज्य अमेरिका और शायद, वेनेजुएला से बहुत ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं।
अमेरिका से भारत 500 अरब डॉलर से अधिक के सामानों की करेगा खरीद
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका से ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य सामानों की 500 अरब डॉलर से ज्यादा की खरीद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अमेरिकी सामान पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटने के संकेत
अमेरिका रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को भी हटा सकता है। हाल ही में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इसके संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था, “भारत पर लगाया गया हमारा 25 प्रतिशत टैरिफ एक बड़ी सफलता साबित हुआ है। रूस से तेल की भारतीय खरीद ठप हो गई है। टैरिफ अभी भी लागू है। मुझे लगता है कि अब इन्हें हटाने का रास्ता निकल सकता है।”
ये भी पढ़ें: टैरिफ के बीच ट्रंप का भारत को ऑफर, वेनेजुएला से दोबारा शुरू हो सकता है तेल का आयात

