Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रिपोर्ट के अनुसार, एक 24 वर्षीय एमबीए छात्र अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव के साथ बलात्कार कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान पीयूष धमनौडिया के रूप में हुई है।
11 फरवरी को हुई वारदात
पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय एमबीए छात्र को अपनी प्रेमिका की कथित तौर पर हत्या करने उसके शव के साथ बलात्कार करने के बाद मुंबई भाग गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र ने तांत्रिक के माध्यम से उसकी आत्मा से संपर्क करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी पीयूष धमनौडिया को 14 फरवरी को मुंबई के अंधेरी इलाके से गिरफ्तार किया था. यह गिरफ्तारी महिला का शव इंदौर के द्वारकापुरी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित उसके फ्लैट से बरामद होने के एक दिन बाद हुई। बता दें कि महिला 11 फरवरी को लापता हो गई थी। पड़ोसियों द्वारा फ्लैट से बदबू आने की सूचना पुलिस को देने के बाद 13 फरवरी को उसका शव बरामद किया था।
गर्लफ्रेंड पर था शक
डीसीपी जोन 4 कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि मंदसौर निवासी और एमबीए के द्वितीय वर्ष के छात्र पीयूष का पीड़िता के साथ संबंध था और दोनों शादी करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, उसे शक था कि पीड़िता किसी दूसरे पुरुष के संपर्क में है। 10 फरवरी को वह उसे अपने फ्लैट में ले गया, जहां उनके बीच शारीरिक संबंध बने। बाद में विवाद हुआ, जिसके बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
कहां-कहां गया आरोपी?
पुलिस ने बताया कि अपराध करने के बाद आरोपी फ्लैट से बाहर निकला, शराब पी और बाद में लौटा। पूछताछ के दौरान उसने महिला के शव के साथ यौन संबंध बनाने की बात कबूल की, जिसके बाद उसने फ्लैट को बंद कर दिया और मुंबई भाग गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पनवेल इलाके में रुका और बाद में नालासोपारा चला गया, जहां उसने महिला की आत्मा से संपर्क करने के प्रयास में तांत्रिक अनुष्ठान किए। उसके पास से दुपट्टा, सिंदूर और चूड़ियों सहित कई वस्तुएं बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि उसने अनुष्ठान की प्रक्रिया सीखने के लिए ऑनलाइन वीडियो देखे थे।
प्राइवेट वीडियो किए लीक
पुलिस ने आगे खुलासा किया कि हत्या के बाद, आरोपी ने पीड़िता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके कॉलेज के एक ग्रुप में दोनों के पहले से रिकॉर्ड किए गए अंतरंग वीडियो प्रसारित किए, जिसका मकसद कथित तौर पर उसे बदनाम करना था। बताया जाता है कि उसका परिवार इस शादी के खिलाफ था। शव का पोस्टमार्टम हो चुका है और आगे की जांच जारी है। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान बरामद डिजिटल सबूतों और अन्य सामानों की जांच कर रही है।

